
मध्यप्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कथित पत्रकार मोहम्मद जुबैर और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह और अन्य कांग्रेसी नेता जुबैर की गिरफ्तारी पर प्रलाप कर रहे हैं। लेकिन, जब हमारी बेटी केतकी चितले (मराठी अभिनेत्री) एक साधारण पोस्ट को लेकर मुंबई में गिरफ्तार हुई थी। महारष्ट्र सरकार ने केतकी चितले को जेल में डाल दिया था, तब एक भी कांग्रेसी के मुह से आवाज नहीं निकली थी। तब किसी ने उस पर ट्वीट नहीं किया, लेकिन जुबैर पर ट्वीट जरूर कर रहे हैं।
जुबैर टुकड़े-टुकड़े गैंग का हिमायती था : गृह मंत्री
गृह मंत्री ने कहा कि कथित पत्रकार मो. जुबैर टुकड़े-टुकड़े गैंग का हिमायती था। इसलिए दिग्विजय सिंह समेत सभी टुकड़े-टुकड़े गैंग के समर्थक उसकी गिरफ्तारी का विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस की इसी तुष्टिकरण की राजनीति ने उसे आज देश की राजनीति में अप्रसांगिक बना दिया है। हैरानी की बात ये है कि कांग्रेस लगभग समाप्ति की कगार पर पहुंच चुकी है और अभी भी इस राह को छोड़ने को तैयार नहीं है।
गृह मंत्री की बड़ी मांग
गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दंगों के लिए साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार विवादित सोशल एक्टिविस्ट तीस्ता जावेद सीतलवाड़ से पद्म श्री पुरस्कार वापस लेने की मांग कर दी है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग जिन पर सुप्रीम कोर्ट टिप्पणी कर दें, जिनके आचरण संदिग्ध हो जाएं, जो जेल चले जाएं उससे ये सम्मान वापस लिया जाना चाहिए ऐसी मेरी मान्यता है।
पूर्व CM कमलनाथ पर कसा तंज
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी अगर अंतर्मुखी हो जाएं तो उनको सारे पाप मिल जाएंगे। लेकिन वे अंतर्मुखी नहीं हो रहे, बाहर ढूंढ रहे हैं। जबकि, परिणाम सामने हैं। आगे उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के 32 विधायक टूटे उन्होंने बताया ? आपने क्या प्राप्त किया है ? चलो-चलो करते रहते थे। कैसे वल्लभ भवन को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाया था ? कैसे दलाल सक्रिय किए थे ? कैसे किसान का कर्जा माफ झूठ कहकर 10 दिनों में नहीं किया ? कैसे नौजवान को धोखा दिया ? ये सब पाप ही तो हैं। अब आपको दिखाई नहीं देते तो मैं क्या करूं, कुछ जीव होते हैं जिन्हें दिन में नहीं दिखता।