राष्ट्रीय

हिमाचल : पटाखा फैक्टरी में विस्फोट से 7 की जिंदा जलने से मौत, कई झुलसे; पीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में मंगलवार सुबह एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया। आग लगने से 7 महिलाओं के जिंदा जलने की खबर आई है। वहीं करीब 12 मजदूर झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए ऊना के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र के बाथड़ी में सुबह करीब 10:30 बजे के आसपास यह हादसा हुआ। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंच स्थिति को नियंत्रित किया।

पीएम मोदी ने की घोषणा

हिमाचल प्रदेश के ऊना की फैक्ट्री में हुए हादसे को पीएम मोदी ने दुखद बताया। इसके साथ ही उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए दिए जाने की घोषणा की है।

मां के साथ 3 साल की बच्ची की भी मौत

जानकारी के मुताबिक मृतकों में एक तीन साल की बच्ची भी शामिल है और वह ब्लास्ट के दौरान अपनी मां के साथ थी। मृतक महिलाएं यूपी की बताई जा रही हैं। हालांकि, अभी प्रशासन की ओर से मृतकों की शिनाख्त होनी बाकी है।

30 से 35 कर्मी कर रहे थे काम

एक घायल महिला ने बताया कि विस्फोट के समय फैक्टरी में 30 से 35 लोग काम कर रहे थे। अचानक जोरदार धमाके के बाद फैक्टरी में आग भड़क गई। फैक्टरी में विस्फोट किस वजह से हुआ, अभी पता नहीं चल पाया है। डीएसपी हरोली अनिल पटियाल ने बताया कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

पिछले 7-8 महीने से चल रहा अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम

हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र में कुछ समय पहले धर्म कांटा बनाने का काम चल रहा था। पिछले 7-8 महीने से यहां अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम चल रहा था। इस दौरान सुरक्षा मानकों का बिल्कुल भी ध्यान नहीं रखा जा रहा था। मंगलवार सुबह अचानक धमाके के बाद आग लगने पर कुछ लोग तो बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन 20 लोग आग की चपेट में आ गए।

ये भी पढ़ें- Uttarakhand : खाई में गिरी शादी से लौट रहे बारातियों की गाड़ी, 11 की मौत; पीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

सरकार के आदेश हुए तो मजिस्ट्रेट से करवाएंगे जांच

DC ऊना के मुताबिक अगर सरकार आदेश देती है तो संवेदनशील मामले की मजिस्ट्रेट से जांच करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि उद्योग विभाग से जानकारी मांगी गई है कि पटाखा फैक्ट्री किसकी अनुमति से चल रही थी।

संबंधित खबरें...

Back to top button