हरसूद :जनगणना की ट्रेनिंग के लिए कॉलेज पहुंचे पटवारियों से प्राचार्य सहित विद्यार्थियों ने किया बुरा बर्ताव, आक्रोश

खंडवा। हरसूद स्थित स्वामी विवेकानंद शा. स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय जनगणना का प्रशिक्षण लेने पहुंचे पटवारी के साथ प्राचार्य सहित विद्यार्थियों अभद्रता किए जाने से नाराज पटवारी संघ ने जिला कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया है कि सोमवार को सुबह 11 बजे हरसूद और किल्लौद क्षेत्र के पचास से अधिक पटवारी जिला कलेक्टर के पत्र क्रमांक जनगणना 2026 42274 के आदेश और तहसीलदार जनगणना चार्ज अधिकारी के निर्देश पर स्वामी विवेकानंद शा. स्नातकोत्तर महाविद्यालय के कक्ष क्रमांक 2 में बैठकर ट्रेनर का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान कॉलेज प्राचार्य डॉ. जयेश वैष्णव रूम में आए और सभी पटवारियों को बाहर जाने के लिए कहने लगे। इस पर पटवारी संघ अध्यक्ष हरिओम लौवंशी सहित पटवारियों ने प्राचार्य वैष्णव से तहसीलदार एवं जनगणना चार्ज अधिकारी के निर्देश पर कॉलेज में ट्रेनिंग की बात कही। इसके जवाब में प्राचार्य जयेश वैष्णव ने अभद्रता करते हुए कहा कि ऐसा कोई आदेश पास नहीं है, सभी लोग कॉलेज परिसर से बाहर निकालो... कहकर चले गए। हम कुछ समझ पाते कि कुछ देर बाद कॉलेज प्राचार्य डॉ. जयेश वैष्णव 4 से 5 विद्यार्थियों को लेकर आए और कहने लगे कि मैंने कहा था ना सब लोग कॉलेज परिसर से बाहर निकालो। इस दौरान प्राचार्य के साथ मौजूद सिविल ड्रेस में 4-5 विद्यार्थियों ने भी अभद्रता करते हुए कहा कि तुम लोगों को पटवारी किसने बनाया, पढ़े-लिखे हो या नहीं। बाहर वंदे-मातरम् चल रहा है, तुम बस बैठे हो। ऐसा कहते हुए जोर-जोर से नारे लगाते हुए पुरुष व महिला पटवारियों को बाहर कर दिया। कॉलेज परिसर में पटवारियों के साथ हुए अभद्र व्यवहार से पटवारी संघ ने नाराजी जाहिर की।
कॉलेज प्रबंधन का विवादों से पुराना नाता
स्वामी विवेकानंदशा. स्नातकोत्तर महाविद्यालय प्रबंधन आए दिन अपनी कार्यप्रणाली को लेकर सुर्खियों में रहता हैं। कॉलेज प्रबंधन पर कभी विद्यार्थियों की फीस वृद्धि को लेकर तो कभी जनभागीदारी समिति के मद में रखे कर्मचारियों को निकालने और उन्हें प्रताड़ित करने के आरोप लगते रहे हैं। ऐसे जनगणना की ट्रेनिंग के लिए पहुंचते पटवारियों के साथ प्राचार्य वविद्यार्थियों द्वारा किया गया अभद्र व्यवहार ने एक बार फिर कॉलेज प्रबंधन को कठघरे में ला दिया है।
यह भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा केस: गिरिबाला और समर्थ सिंह ने वॉयस सैंपल देने से किया मना, न्यायिक हिरासत 28 जुलाई तक बढ़ाने की मांग
तहसील पटवारी संघ अध्यक्ष ने क्या कहा?
अध्यक्ष तहसील पटवारी संघ हरिओम लौवंशी का कहना है कि हरसूद एवं किल्लौद ब्लॉक के पटवारी तहसीलदार के निर्देश पर जनगणना की ट्रेनिंग के लिए कॉलेज के कक्ष क्रमांक 2 में बैठे थे। इस दौरान प्राचार्य डॉ. जयेश वैष्णव ने कोई आदेश ना होने की बात कहकर अभद्रता करते हुए सभी को बाहर निकलने का कहा। कुछ समय बाद प्राचार्य और कुछ विद्यार्थी पटवारियों से अभद्र व्यवहार करने लगे। आश्चर्य की बात है कि विद्यार्थी जिनकी पढ़ने-लिखने की उम्र है, वह अपनी बहन, भाई और अपने पिता की उम्र के लोगों से अभद्रता कर रहे थे। - हरिओम लौवंशी, अध्यक्ष तहसील पटवारी संघ हरसूद।











