हरसूद:कालोनी से मुख्य मार्ग तक रास्ते की मांग को लेकर रहवासियों की भूख-हड़ताल
हरसूद। रेलवे विभाग द्वारा सडियापानी मार्ग पर बनाई जा रही बाउंड्री से सटकर लगी कालोनी के भूस्वामियों द्वारा रास्ते की मांग को लेकर भूख हड़ताल की जा रही है। जानकारी के अनुसार पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल मंडल द्वारा रेलवे स्टेशन छनेरा पर रेलवे ट्रैक के अप और डाउन दोनों साइड सडियापानी मार्ग से घोड़ा पछाड़ नदी और रेलवे ट्रैक के दूसरी ओर घोड़ा पछाड़ नदी से रेलवे ओवर ब्रिज तक करीब 4 किमी दूर तक बाउंड्री वॉल बनाने का कार्य किया जा रहा है।
20 फीट चौड़ा रास्ते को लेकर भूख हड़ताल
वार्ड नंबर 09 में सडियापानी मार्ग से अरिहंत पब्लिक स्कूल तक रेलवे बाउंड्री वॉल बनाने को लेकर भूस्वामियों और रेलवे के बीच विवाद लंबे समय से चल रहा है। रविवार को रेलवे के कॉन्टैक्टर द्वारा सडियापानी मार्ग पर कालोनी के किनारे से बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर चुने की लाइनिंग को लोगों ने नाराजगी जताई। नतीजतन सोमवार से सुनील बाबा, उमेश सावर, नंदू राठौड़, सुशील पटेल, श्याम पंवार, गणेश चौहान सहित लोगों ने कॉलोनी से मुख्य मार्ग तक 20 फीट चौड़ा रास्ते की मांग को लेकर भूख हड़ताल की जा रही है।
लोगों ने की मुख्य मार्ग तक रास्ते की मांग
लोगों का कहना है हम लोगों द्वारा रेलवे की बाउंड्री वॉल बनाने से कोई आपत्ति नहीं है। हमारे द्वारा रेलवे बाउंड्री से सटकर कालोनी से मुख्य मार्ग तक रास्ते की मांग की जा रही है। रेलवे के अधिकारियों से बार - बार हमारी भूमि और रेलवे की भूमि के सीमांकन को लेकर पत्रचार के बावजूद अनदेखी की जा रही है। जिसके चलते हम लोगों ने 20 फीट रास्ते की मांग को लेकर भूख हड़ताल करनी पड़ रही है। ऐसे में अब देखना है कि रेलवे और भूस्वामियों के बीच रास्ते को लेकर क्या रास्ता निकलता है।
ये भी पढ़ें: खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: काली बिल्लोद में अवैध गैस सिलेंडर कारोबार का भंडाफोड़, 15 सिलेंडर जब्त
निर्माण के लिए जगह चिन्हित की गई थी
डीईएन रेलवे हरदा, डीआर. मीणा का कहना है कि रेलवे ट्रैक निर्माण के समय रेलवे को अधिग्रहण भूमि का नक्शा सहित अन्य दस्तावेजों की एनएचडीसी से मांग की गई है। पूर्व निर्देश के चलते कॉन्टैक्टर द्वारा बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए जगह चिन्हित की गई थी। फिल्हाल बाउंड्री वॉल निर्माण का कार्य रोक दिया गया है। लोगों की सुविधा के लिए उन्हें 20 फीट का रास्ता निकलने के लिए दिया जाएगा।
Edited By: Sumit Shrivastava














