Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हरदा के सिराली में 20 किमी चली कांवड़ यात्रा, नर्मदा जल से हुआ तिलभांडेश्वर महादेव का अभिषेक

हरदा जिले की सिराली तहसील में सावन के चौथे सोमवार को करीब 20 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा निकाली गई। कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह की अगुवाई में निकली यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। मकड़ाई के नागझिरी मंदिर से शुरू हुई यात्रा सिराली के बाबा तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां नर्मदा जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया।
हरदा के सिराली में 20 किमी चली कांवड़ यात्रा, नर्मदा जल से हुआ तिलभांडेश्वर महादेव का अभिषेक
हरदा। सिराली की कावड़ यात्रा में शामिल विधायक अभिजीत शाह और श्रद्धालु

हरदा। जिले की सिराली तहसील में सावन मास के चौथे सोमवार को भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। करीब 20 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में धर्मप्रेमी लोगों ने हाथों में कांवड़ थामकर भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह की अगुवाई में निकली यात्रा में हजारों समर्थक और श्रद्धालु शामिल हुए। मकड़ाई के प्राचीन नागझिरी मंदिर से सुबह 8 बजे यात्रा शुरू हुई और शाम करीब 4 बजे सिराली स्थित बाबा तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयकारे गूंजते रहे।

ग्रामीणों ने जगह-जगह किया कांवड़ियों का स्वागत 

कांवड़ यात्रा के दौरान रास्ते में आने वाले गांवों में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया और कांवड़ियों पर फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया। यात्रा मकड़ाई के प्राचीन नागझिरी मंदिर से शुरू होकर सोनपुरा, खुदिया, जिनवानिया और रामपुरा होते हुए सिराली पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु शामिल रहे। भक्तिमय माहौल के बीच कांवड़िए लगातार भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। यात्रा के दौरान सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी आवश्यक इंतजाम किए गए।

ये भी पढ़ें: उज्जैन में बाबा महाकाल की चतुर्थ सवारी, भक्ति में डूबी अवंतिका नगरी; जयकारों से गूंजा शहर

तिलभांडेश्वर महादेव का नर्मदा जल से किया अभिषेक 

यात्रा के समापन पर सिराली स्थित बाबा तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का नर्मदा जल से जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कांवड़ यात्रा में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं, महासचिव सूरज सिंह राजपूत सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे। इससे एक दिन पहले वनग्राम काजल से भी ग्रामीणों ने विशाल कांवड़ यात्रा निकाली थी। सावन के दौरान क्षेत्र में लगातार हो रहे धार्मिक आयोजनों से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है।

ये भी पढ़ें: “पार्वती, रावण और परशुराम ने भी शिव को समर्पित किया जल, आज भक्त निभा रहे वही परंपरा” : पं. प्रदीप मिश्रा

 

Uttam Tenguriya
By Uttam Tenguriya

हरदा जिला ब्यूरों - पीपुल्स समाचार संभागीय अध्यक्ष ( नर्मदापुरम) - पत्रकार कल्याण परिषद संचालक -...

Latest Posts