संपत्ति का लालच या एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर? फ्रिज में मिला महिला का कटा सिर! घर के फर्श पर पड़ा था शव, रिया हत्याकांड से दहला गुवाहाटी

गुवाहाटी के बेलटोला इलाके में एक महिला की हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। घर से बदबू आने के बाद पुलिस को सूचना मिली। जांच के दौरान महिला का सिर फ्रिज में मिला, जबकि उसका शव कमरे के फर्श पर पड़ा था। मृतका की पहचान रिया तालुकदार के रूप में हुई है। पति को पुलिस ने मुख्य संदिग्ध माना है।
संपत्ति का लालच या एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर? फ्रिज में मिला महिला का कटा सिर! घर के फर्श पर पड़ा था शव, रिया हत्याकांड से दहला गुवाहाटी
असम में रोंगटे खड़े करने वाला हत्याकांड

गुवाहाटी। असम के गुवाहाटी में सोमवार को एक महिला की हत्या का मामला सामने आने के बाद बेलटोला इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, एक घर से तेज  बदबू आने की शिकायत मिलने के बाद टीम वहां पहुंची थी। अंदर जांच करने पर महिला का शव बरामद हुआ। उसका सिर अलग था और वह फ्रिज के अंदर प्लास्टिक की थैली में मिला। मृतका की पहचान 25 वर्षीय रिया तालुकदार गोस्वामी के तौर पर बताई गई है। वह एक बुटीक में काम करती थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और उसके पति को इस केस में मुख्य संदिग्ध माना जा रहा है।

पड़ोसियों की शिकायत से खुला मामला

पुलिस अधिकारी के अनुसार, रविवार रात आसपास रहने वाले लोगों ने घर से लगातार आ रही बदबू की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर की तलाशी शुरू की। इसी दौरान कमरे में महिला का शव मिला। जांच आगे बढ़ी तो फ्रिज के अंदर प्लास्टिक की थैली में महिला का सिर बरामद हुआ। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

24 से 48 घंटे पहले हत्या का अनुमान

जांच में पुलिस का कहना है कि हत्या घटना के करीब 24 से 48 घंटे पहले हुई हो सकती है। शव की स्थिति के आधार पर पुलिस ने यह शुरुआती अनुमान लगाया है। हालांकि, हत्या का सही समय और घटना से जुड़ी दूसरी अहम जानकारियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

सत्य निकेतन में मौत का मलबा! 5 मंजिला इमारत ढही, 6 की मौत, CCTV में दिखा खौफनाक मंजर

पति पर शक, पुलिस के सामने किया सरेंडर

इस मामले में रिया के पति रामानुजन गोस्वामी को मुख्य संदिग्ध बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, उसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात से पहले घर में क्या हुआ था और हत्या किन परिस्थितियों में की गई।

बुटीक में काम करती थी रिया

जानकारी के मुताबिक, रिया तालुकदार एक स्थानीय बुटीक में काम करती थी, जबकि उसका पति कैब चलाता था। दोनों इसी घर में रहते थे। पुलिस अब उनके आपसी संबंधों, हाल की गतिविधियों और घटना से पहले की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। जांच के दौरान आसपास लगे कैमरों और अन्य संभावित सबूतों को भी देखा जा सकता है।

श्रद्धा वालकर केस की आई याद

हत्या का तरीका सामने आने के बाद इस मामले की तुलना दिल्ली के चर्चित श्रद्धा वालकर हत्याकांड से भी की जा रही है। 2022 में श्रद्धा वालकर की हत्या के आरोप उसके लिव-इन पार्टनर आफताब अमीन पूनावाला पर लगे थे। पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा की हत्या के बाद उसके शव के टुकड़े किए गए और उन्हें अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगाने का आरोप था। इस मामले का खुलासा कई महीनों बाद हुआ था।

पुलिस की जीप से बंधा शख्स, पीछे से बरसी ताबड़तोड़ लाठियां... हत्या के आरोपी की पिटाई का VIDEO वायरल

जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई

गुवाहाटी पुलिस के सामने अब इस मामले में हत्या की वजह, घटना का पूरा क्रम और आरोपी की भूमिका स्पष्ट करने की चुनौती है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पुलिस मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वारदात से जुड़ी पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts