Bomb Threats : नोएडा के DLF मॉल और गुरुग्राम के एंबियंस मॉल को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल देख उड़े अधिकारियों के होश

देश। दिल्ली NCR में दो जगहों पर बम की सूचना से अफरा-तफरी मच गई। सबसे पहले अज्ञात लोगों ने ई-मेल के जरिए गुरुग्राम के एंबिएंस मॉल को बम से उड़ाने की धमकी दी। अभी वहां हालात पूरी तरह शांत नहीं हुए थे कि नोएडा स्थित डीएलएफ मॉल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस सूचना से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एंबिएंस मॉल में खबर सुन लोगों में भगदड़ मच गई। दोनों जगहों पर बम निरोधक दस्ता टीम ने सघन जांच की, लेकिन अभी तक ऐसी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। मामले को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
गुरुग्राम के एंबिएंस मॉल को मिली धमकी
गुरुग्राम के एंबिएंस मॉल को शनिवार सुबह लगभग 10:30 बजे एक ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसकी जानकारी मॉल प्रबंधन ने पुलिस को दी। इसके तुरंत बाद लोकल थाना पुलिस बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड टीम के साथ मॉल में जांच के लिए पहुंचा। जांच के बाद डीएलएफ फेज 3 थाना प्रभारी ने बताया अभी तक कोई भी ऐसी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, जिससे जानमाल के नुकसान की संभावना हो। पुलिस ने पूरे मॉल को खाली कराया। साथ ही सारे स्टाफ और आम लोग मॉल से बाहर किया।





















