गुना में महिला से 6.5 लाख का मंगलसूत्र झपटा :घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी, CCTV में कैद हुए बदमाश

गुना। मध्य प्रदेश के गुना शहर में मंगलवार सुबह एक महिला चेन स्नेचिंग का शिकार हो गई। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की भार्गव कॉलोनी में घर के बाहर झाड़ू लगा रही महिला के गले से बाइक सवार तीन बदमाश सोने का मंगलसूत्र छीनकर भाग गए। बताया जा रहा है कि मंगलसूत्र की कीमत करीब 6.5 लाख रुपये है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।
सुबह घर के बाहर हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक भार्गव कॉलोनी निवासी प्रेमा किरार अपने घर के बाहर सफाई कर रही थीं। इसी दौरान एक काले रंग की बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक महिला के पास आते ही पीछे बैठे युवक ने झटके से उनके गले से मंगलसूत्र खींच लिया। महिला कुछ समझ पाती उससे पहले ही तीनों आरोपी बाइक से तेजी से भाग निकले। महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग बाहर आए, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर जा चुके थे।
4 तोला सोना लेकर भागे बदमाश
पीड़ित परिवार ने बताया कि बदमाश जो मंगलसूत्र छीनकर ले गए, उसका वजन करीब 4 तोला है। मौजूदा सोने की कीमत के हिसाब से इसकी कीमत लगभग 6.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
CCTV में दिखे आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी, जिसमें पूरी वारदात कैद मिली है। फुटेज में बाइक सवार तीनों संदिग्ध नजर आ रहे हैं। पुलिस अब उनकी पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रही है।
ये भी पढ़ें: बिलासपुर: शादी से मना करने पर बौखलाया युवक, युवती के पिता पर किया हमला; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के इलाकों में भी संदिग्धों की तलाश की जा रही है।












