
गुजरात में विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। भारतीय जनता पार्टी गुजरात के लोगों को जोड़ने के लिए ‘गुजरात गौरव यात्रा’ की शुरुआत करने जा रही है। पांच अलग-अलग मार्गों पर यह यात्रा आज से ही शुरू होगी, जिसका शुभारंभ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे।
आदिवासी वोटरों पर होगा फोकस
इस यात्रा की खास बात यह है कि ऐसी कुल 5 यात्राएं होंगी जो गुजरात के अलग-अलग मंदिरों से शुरू होकर अलग-अलग मंदिरों पर खत्म होंगी। मुख्य फोकस गुजरात के आदिवासी इलाकों पर रहेगा। जहां पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान बीजेपी को भारी नुकसान हुआ था।
तीन यात्राओं को हरी झंडी दिखाएंगे अमित शाह
गुजरात चुनाव से पहले बीजेपी 5 ‘गुजरात गौरव यात्रा’ निकालने जा रही है। जिसमें पहली दो यात्राओं को बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा हरी झंडी दिखाएंगे, जबकि तीन अन्य यात्राओं को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरी झंडी दिखाएंगे। सभी यात्राएं अगले 7 से 10 दिनों में पूरी कर ली जाएंगी। जिसमें सभी केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के शीर्ष नेता अलग-अलग चरणों में यात्रा में शामिल होंगे।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारका से इस यात्रा की शुरुआत करेंगे। यात्रा का दूसरा मार्ग मेहसाणा जिले के बहूचराजी से होगा। अहमदाबाद के संत सवैया नाथ मंदिर से तीसरे यात्रा की शुरुआत होगी। बचे दो यात्राओं की शुरुआत नवसारी जिले के वानस्दा तालुका के उनाई माता मंदिर से होगी।
तीसरी बार गुजरात में ‘गौरव यात्रा’
यह तीसरी बार है कि भाजपा गुजरात में गौरव यात्रा शुरू करने जा रही है। इससे पहले 2002 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2002 सांप्रदायिक दंगों के बाद यह यात्रा निकाली थी। इसके बाद 2017 के चुनावों में भी इसी तरह की यात्रा लॉन्च की गई थी। 2002 में, भाजपा ने कुल 182 सीटों में से 127 सीटें जीती थीं। वहीं, 2017 में पार्टी को 99 और कांग्रेस को 77 सीटें मिली थीं।