MP Assembly Session 2023 : विधानसभा में राज्यपाल का अभिभाषण, मंगू भाई पटेल ने सरकार की उपलब्धियां गिनाई, तस्वीर विवाद पर स्पीकर बोले-कमेटी बनाऊंगा

भोपाल। मध्य प्रदेश की 16वीं विधानसभा के विशेष सत्र के तीसरे दिन बुधवार को सर्व सहमति से नरेंद्र सिंह तोमर को विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया। वहीं विधानसभा से पंडित नेहरू की तस्वीर हटाने को लेकर सदन के अंदर और बाहर विपक्ष की गहमागहमी रही। हंगामे के बीच विधानसभा की कार्यवाही कल (गुरुवार) सुबह 11:00 बजे तक के लिए स्थगित किया गया है।
सरकार का लक्ष्य आमजन का विकास है : पटेल
मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य आमजन का संपूर्ण विकास है और इसके लिए अनेक योजनाएं संचालित हैं। राज्यपाल ने सत्र के तीसरे दिन अपने अभिभाषण में यह बात कही। उन्होंने विभिन्न योजनाओं से संबंधित आकड़े पेश करते हुए कहा कि जब तक गरीबों और अन्य वर्गों को उनका वाजिब हक नहीं दिला दिया जाता, सरकार चैन से नहीं बैठेगी। डबल इंजन की सरकार और बेहतर ढंग से विकास कार्य करेगी।मोदी की गारंटी यानी हर वादों का पूरे होने की गारंटी : पटेल
राज्यपाल ने अभिभाषण में कहा कि मुझे गर्व है कि मध्य प्रदेश में शांतिपूर्ण- निष्पक्ष विधानसभा चुनाव संपन्न हुए। राज्य के सभी मतदाता और निर्वाचन आयोग और अतिथिगण सभी बधाई के पात्र हैं। नई सरकार ने कार्यप्रभार ग्रहण करते ही जनता के लिए विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण के लिए उत्साह और संकल्प के साथ काम करना शुरू कर दिया है। पटेल ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का जोरदार स्वागत हो रहा है। यात्रा के जरिए हितग्राही अपनी जिंदगी बदलने की कहानी सुना रहे हैं। मोदी की गारंटी यानी हर वादों का पूरे होने की गारंटी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्र सबका साथ-सबका विकास का है। इस मंत्र को नई सरकार ने आत्मसात किया है।





















