Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दुनिया का बदलता मूड!36 में से 25 देशों ने अमेरिका नहीं, चीन पर जताया ज्यादा भरोसा...देखें सर्वे रिपोर्ट

रिपोर्ट के मुताबिक, कनाडा में अमेरिका के प्रति सकारात्मक राय रखने वालों का प्रतिशत 2023 के 57% से घटकर 33% रह गया, जबकि चीन के प्रति सकारात्मक राय 14% से बढ़कर 44% हो गई।
36 में से 25 देशों ने अमेरिका नहीं, चीन पर जताया ज्यादा भरोसा...देखें सर्वे रिपोर्ट
चीन की दुनियाभर में वैश्विक छवि अमेरिका से बेहतर

दुनिया की महाशक्ति माने जाने वाले अमेरिका की वैश्विक छवि कमजोर होती दिख रही है। वहीं, चीन की स्वीकार्यता लगातार बढ़ रही है। प्यू रिसर्च सेंटर (Pew Research Center) के नए ग्लोबल सर्वे में दावा किया गया है कि पहली बार दुनिया के ज्यादातर देशों में अमेरिका की तुलना में चीन को अधिक सकारात्मक नजरिए से देखा जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, सर्वे में शामिल 36 देशों और क्षेत्रों में से 25 देशों के लोगों ने अमेरिका की बजाय चीन के प्रति ज्यादा भरोसा और सकारात्मक राय जताई है।

25 देशों में चीन की छवि अमेरिका से बेहतर

फरवरी से मई 2026 के बीच किए गए इस सर्वे में कनाडा, मेक्सिको, फ्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन जैसे अमेरिका के करीबी सहयोगी देशों में भी चीन के प्रति झुकाव देखने को मिला। दूसरी ओर, केवल 6 देशों में ही अमेरिका को चीन से ज्यादा सकारात्मक रेटिंग मिली। इनमें भारत, जापान, दक्षिण कोरिया, फिलीपींस, पोलैंड और इजराइल शामिल हैं।

शी जिनपिंग पर ट्रंप से ज्यादा भरोसा

सर्वे में यह भी सामने आया कि 36 में से 22 देशों के लोगों ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तुलना में ज्यादा भरोसा जताया। हालांकि कई देशों में दोनों नेताओं के प्रति लोगों का भरोसा सीमित रहा, लेकिन चीन के राष्ट्रपति को अमेरिका के राष्ट्रपति से अधिक सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।

यह भी पढ़ें: रूसी तेल खरीदना पड़ सकता है महंगा! भारत पर 100% टैरिफ का खतरा, अमेरिकी सीनेट में बिल को मिला भारी समर्थन

क्यों बदली दुनिया की राय?

प्यू रिसर्च सेंटर की एसोसिएट डायरेक्टर लॉरा सिल्वर के मुताबिक, करीब दो दशक में पहली बार ऐसा हुआ है जब चीन की वैश्विक छवि अमेरिका से बेहतर बनी है। उन्होंने इसके पीछे कई वजहें बताईं। ट्रंप प्रशासन और सहयोगी देशों के बीच बढ़ता तनाव, ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप के बयान, गाजा युद्ध में अमेरिका की भूमिका और अंतरराष्ट्रीय विवादों में अमेरिकी नीतियों ने उसकी साख को प्रभावित किया है। वहीं, कोविड-19 महामारी का असर कम होने के बाद चीन की छवि भी पहले से बेहतर हुई है।

Breaking News

कनाडा और यूरोप में बड़ा बदलाव

रिपोर्ट के मुताबिक, कनाडा में अमेरिका के प्रति सकारात्मक राय रखने वालों का प्रतिशत 2023 के 57% से घटकर 33% रह गया, जबकि चीन के प्रति सकारात्मक राय 14% से बढ़कर 44% हो गई। इसी तरह फ्रांस, जर्मनी, स्पेन, इटली, स्वीडन, नीदरलैंड और ब्रिटेन जैसे देशों में भी अमेरिका की बढ़त कम होती दिखी। ब्रिटेन में तो अब अमेरिका और चीन के प्रति लोगों की राय लगभग बराबर हो गई है।

भारत समेत 6 देशों में अब भी अमेरिका आगे

हालांकि सर्वे में भारत, जापान, दक्षिण कोरिया, फिलीपींस, पोलैंड और इजराइल जैसे देशों में अब भी अमेरिका के प्रति चीन से ज्यादा सकारात्मक सोच देखने को मिली। इजराइल में करीब 80% लोगों ने अमेरिका के प्रति सकारात्मक राय व्यक्त की, जबकि चीन के पक्ष में यह आंकड़ा केवल 19% रहा।

व्यक्तिगत स्वतंत्रता के मामले में अमेरिका अब भी आगे

रिपोर्ट में कहा गया है कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों के मामले में अमेरिका अब भी चीन से आगे माना जाता है। हालांकि दोनों देशों के बीच यह अंतर पहले की तुलना में कम हुआ है। प्यू रिसर्च का मानना है कि बदलती वैश्विक राजनीति, आर्थिक रिश्ते और अंतरराष्ट्रीय संघर्ष आने वाले वर्षों में दोनों देशों की वैश्विक छवि को और प्रभावित कर सकते हैं।

Aakash Waghmare
By Aakash Waghmare

आकाश वाघमारे | MCU, भोपाल से स्नातक और फिर मास्टर्स | मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर के तौर पर 3 वर्षों का क...Read More

Latest Posts