मुंबई। महाराष्ट्र के ठाणे में समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे पर सोमवार देर रात हादसा हो गया। यहां शाहपुर के पास सरलांबे में एक गर्डर लॉन्चिंग मशीन गिरने से 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। अभी भी मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। शाहपुर पुलिस के मुताबिक, समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे के तीसरे चरण का निर्माण हो रहा है। मशीन का इस्तेमाल पुल तैयार करने में किया जा रहा था। इसी दौरान 100 फीट की ऊंचाई से गर्डर मशीन गिर गई।
https://twitter.com/ani_digital/status/1686205212820664320?s=20
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हाईवे पर रात में निर्माण कार्य चल रहा था। तभी रात करीब 1:30 यह हादसा हो गया, अभी भी मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है। ऐसे में मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। मौके पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से किया जा रहा है। गर्डर मशीन का वजन काफी होने से उसे जल्दी से हटाया नहीं जा पा रहा है। SP के मुताबिक तीन घायलों को शाहपुर तालुका के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं 17 लोगों के शवों को शाहपुर उपजिला अस्पताल में लाया गया है।
कहा जा रहा है कि, यहां सुरक्षा के कोई उपाय नहीं होने के कारण यहां के मजदूरों की जान चली गई है। गर्डर मशीन को जोड़ने वाली क्रेन और स्लैब 100 फीट से नीचे गिर गए। समृद्धि महामार्ग का निर्माण कार्य महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम द्वारा किया जा रहा है।
701 किमी लंबा है समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे
समृद्धि एक्सप्रेसवे का नाम हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग रखा गया है। ये मुंबई और नागपुर को जोड़ने वाला 701 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे है। यह नागपुर, वाशिम, वर्धा, अहमदनगर, बुलढाणा, औरंगाबाद, अमरावती, जालना, नासिक और ठाणे समेत 10 जिलों से होकर गुजरता है। हाइवे का निर्माण कार्य तीन फेज में हो रहा है। दो फेज का काम पूरा हो चुका है।
नागपुर को शिरडी से जोड़ने वाले पहले चरण का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिसंबर 2022 में किया था। यह 520 किमी की दूरी तय करता है। दूसरे चरण का उद्घाटन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने किया था। समृद्धि राजमार्ग का आखिरी और तीसरा चरण दिसंबर 2023 तक पूरा होने की संभावना है। यह सौ किलोमीटर का चरण है।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…