
बिहार के औरंगाबाद में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां छठ पूजा के लिए प्रसाद बनाने के दौरान अचानक गैस सिलेंडर फट गया। इसमें 7 पुलिसकर्मी समेत 30 से ज्यादा लोग झुलस गए, इनमें से 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद आनन फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
क्या है पूरा मामला?
औरंगाबाद शहर की सबसे पतली गलियों में शामिल तेली मोहल्ले में शुक्रवार की रात करीब 2:30 बजे ये हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, पुरानी जीटी रोड स्थित मर्फी रेडियो वाली गली में अनिल गोस्वामी नामक शख्स के घर में छठ पूजा का आयोजन हो रहा था। उनके घर में शुक्रवार की देर रात महिलाएं छठ पर्व के लिए प्रसाद बना रही थीं। तभी अचानक गैस रिसने से आग लग गई। इससे दो मंजिला इमारत वाले घर में आग लग गई।
आग लगने से मोहल्ले में भगदड़ मच गई, सभी लोग आग बुझाने में जुट गए। इस दौरान आग पर काबू पाने पहुंचे पुलिसकर्मी भी उसकी चपेट में आ गए।
#बिहार: #औरंगाबाद में #छठ का प्रसाद बनाने के दौरान गैस सिलेंडर फटा, 7 #पुलिसकर्मी समेत कई लोग झुलसे #Aurangabad @bihar_police #CylinderBlast #ChhathPuja #PeoplesUpdate pic.twitter.com/JVNTUjOIMC
— Peoples Samachar (@psamachar1) October 29, 2022
28 अक्टूबर को छठ महापर्व की शुरुआत
28 अक्टूबर से छठ महापर्व की शुरुआत हो गई है। छठ का पहला दिन नहाय खाय होता है। यह पर्व चार दिनों तक चलता है। छठ के व्रत को सबसे कठिन व्रत माना जाता है। छठ पर्व का दूसरा दिन खरना कहलाता है, जिसका का अर्थ शुद्धिकरण होता है। खरना के दिन छठ पूजा का प्रसाद बनाने की परंपरा है।
मान्यता है कि जो महिलाएं छठ के नियमों का पालन करती हैं, छठी माता उनकी हर मनोकामना पूरी करती हैं। छठ पूजा में सूर्य देव का पूजन किया जाता है।