
मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गंधवानी से विधायक उमंग सिंघार के खिलाफ घरेलू हिंसा और दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ है। इस मामले में धार पुलिस ने विधायक के खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता 38 वर्षीय महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में खुद को सिंघार की पांचवी पत्नी बताया है।
1 साल से कर रहा था प्रताड़ित
38 वर्षीय एक महिला ने जिले के नौगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई है। खुद को उमंग सिंघार की पत्नी बता रही महिला ने आरोप लगाया है कि, धार जिले में पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पीछे स्थित विधायक निवास पर उमंग सिंघार ने नवंबर 2021 से 18 नवंबर 2022 के बीच उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया और मारपीट कर अभद्र व्यवहार भी किया। महिला ने विधायक पर अप्राकृतिक कृत्य किए जाने का भी आरोप लगाया है।
4 महीने पहले की थी शादी
महिला ने लिखित आवेदन में बताया कि उसकी उमंग सिंघार से मुलाकात एक पब्लिक प्रोग्राम के दौरान हुई थी। उसके बाद दोनों की बात होने लगी, सिंघार ने शादी का वादा किया था। इसके बाद महिला दिल्ली, गुरुग्राम, धार और भोपाल के निवास पर उमंग सिंघार के साथ रही। इस दौरान सिंघार ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और शादी करने की बात से मुकर गए। शिकायत की बात कहने पर सिंघार ने भोपाल स्थित आवास में 16 अप्रैल 2022 को उसके साथ शादी कर ली। फिर उसे प्रताड़ित करने लगे।
पूर्व मंत्री व #कांग्रेस के विधायक #उमंग_सिंघार पर दुष्कर्म और घरेलू हिंसा का मामला दर्ज, #धार के थाना नौगांव में कल रात मामला दर्ज।#MPNews #CongressMLA #PeoplesUpdate #MPPolice pic.twitter.com/M2wM8qWyur
— Peoples Samachar (@psamachar1) November 21, 2022
अश्लील वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल
महिला का आरोप है कि, शादी के बाद से ही उनका बर्ताव खराब रहने लगा। वो गाली गलौज करने लगे, मना करने पर अप्राकृतिक यौनसंबंध बनाए। इसके अलावा अश्लील वीडियो बनाए और दोस्तों को दिखाने की बात कहकर ब्लैकमेल भी किया। महिला ने सिंघार पर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया है।
गृहमंत्री मिश्रा ने भी की केस दर्ज होने की पुष्टि
मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और गुजरात चुनाव में सह प्रभारी, मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री और विधायक उमंग सिंघार के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। महिला की शिकायत पर नौगांव पुलिस ने सभी आरोपों के आधार पर विधायक के खिलाफ आइपीसी की धारा 376, 377 और 498 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
गृहमंत्री डॉ #नरोत्तम_मिश्रा का बयान, #धार के नौगांव थाने मे 38 वर्षीय एक विवाहित महिला ने दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। नौगांव #पुलिस ने #उमंग_सिंघार के खिलाफ आइपीसी की धारा 376, 377 और 498 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।#Crime #CongressMLA #PeoplesUpdate @drnarottammisra pic.twitter.com/LV4gndbiga
— Peoples Samachar (@psamachar1) November 21, 2022
गर्लफ्रेंड की आत्महत्या को लेकर चर्चा में आए
कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार का विवादों से गहरा नाता रहा है। मई 2021 में भी वह चर्चा में आए थे जब जब मध्य प्रदेश के कथित सोनिया सुसाइड केस में उनका नाम सामने आया था। उस समय उनके खिलाफ उनकी गर्लफ्रेंड सोनिया भारद्वाज को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया था। उससे एक दिन पहले ही भोपाल में उनके निवास पर उनकी गर्लफ्रेंड सोनिया भारद्वाज ने फांसी लगा ली थी।