Football World Cup Final : 60 साल बाद वर्ल्ड कप में आमने-सामने होंगी टक्कर, स्पेन का डिफेंस हर गोल रोकने में माहिर, अर्जेंटीना आखिरी समय तक हार नहीं मानती

स्पोर्ट्स डेस्क। फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल रविवार देर रात स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी के स्टेडियम में भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे शुरू होगा। दोनों टीमें 60 साल बाद वर्ल्ड कप में एक-दूसरे के खिलाफ उतरेंगी। जहां स्पेन 2010 के बाद दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने की कोशिश करेगा, वहीं मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना लगातार दूसरी और कुल चौथी बार ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगा।
मेसी और यमाल की कहानी बनी चर्चा का केंद्र
फाइनल की सबसे खास बात लियोनेल मेसी और स्पेन के युवा स्टार लामिन यमाल की भिड़ंत है। करीब 19 साल पहले बार्सिलोना के एक चैरिटी फोटोशूट के दौरान युवा मेसी ने तीन महीने के यमाल को गोद में उठाकर नहलाया था। उस समय मेसी 20 साल के थे। अब वही यमाल पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने बचपन की उस तस्वीर के नायक मेसी के खिलाफ विश्व कप फाइनल खेलेंगे। यह तस्वीर 2024 में सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी और अब फुटबॉल की सबसे यादगार कहानियों में गिनी जाती है।
दोनों टीमों के रिकॉर्ड पर एक नजर
स्पेन और अर्जेंटीना के बीच अब तक 14 मुकाबले खेले गए हैं। दोनों टीमों ने 6-6 मैच जीते हैं, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे। वर्ल्ड कप में दोनों की अब तक सिर्फ एक बार भिड़ंत हुई थी। 1966 में अर्जेंटीना ने स्पेन को 2-1 से हराया था। वहीं, दोनों के बीच पिछला मुकाबला 2018 के एक दोस्ताना मैच में हुआ था, जिसमें स्पेन ने अर्जेंटीना को 6-1 से हराया था।
स्पेन का अभेघ डिफेंस
स्पेन ने इस पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक गोल खाया है। गोलकीपर उनाई सिमोन ने छह क्लीन शीट रखकर नया रिकॉर्ड बनाया है। कप्तान रोड्री ने सबसे ज्यादा 648 सफल पास पूरे किए हैं, जबकि 19 वर्षीय लामिन यमाल अपने शानदार ड्रिब्ल और आक्रामक खेल से टीम के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में रहे हैं।
अर्जेंटीना फॉरवर्ड खेल में माहिर
दूसरी ओर अर्जेंटीना लगातार सात मुकाबले जीतकर फाइनल में पहुंचा है। टीम ने इस विश्व कप में सबसे ज्यादा 19 गोल किए हैं। कप्तान लियोनेल मेसी 8 गोल और 4 असिस्ट के साथ शानदार फॉर्म में हैं। वहीं फ्रांस के किलियन एमबाप्पे 10 गोल के साथ गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे हैं।
अर्जेंटीना के पास इतिहास रचने का मौका
अगर अर्जेंटीना यह मुकाबला जीतता है, तो वह लगातार दो वर्ल्ड कप जीतने वाली इतिहास की तीसरी टीम बन जाएगी। इससे पहले सिर्फ इटली (1934 और 1938) और ब्राजील (1958 और 1962) ही यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। ऐसे में रविवार रात का यह मुकाबला सिर्फ ट्रॉफी की लड़ाई नहीं, बल्कि फुटबॉल इतिहास में नया अध्याय लिखने का भी मौका होगा।











