ताजा खबरमध्य प्रदेश

तीन गांवों के किसानों ने किया चुनाव का बहिष्कार

गेहूं खरीद केंद्र बदले जाने से किसानों में बढ़ रही नाराजगी

सिवनी। लोकसभा संसदीय क्षेत्र मंडला के अंतर्गत आने वाली विधानसभा केवलारी के तीन गांवों के किसानों ने गेहूं खरीदी केन्द्र स्थानांतरण का विरोध करते हुए 19 अप्रैल को होने वाले मतदान का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। इस संबध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व केवलारी को सौंपे गए पत्र में किसानों ने लेख किया है कि केवलारी विधानसभा के तीन गांव खरसारू, मोहगांव व खापा के किसान गेहूं बेचने के लिए परेशान हो रहे हैं। पूर्व में इन तीन गांवों के लिए खरीदी केन्द्र ग्राम खरसारू में बनाया गया था, जिसे बंद कर दिया गया है और 15 किलोमीटर दूर ग्राम बगलई के चौधरी वेयर हाउस में बनाया गया हैं, जिससे किसान परेशान हैं।

बताया गया कि प्रशासनिक अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों से किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी केन्द्र खरसारू को यथावत रखने के लिए कई बार आवेदन दिया है। लेकिन किसानों की नहीं सुनी गई, जिसके चलते किसान बेहद आक्रोशित हैं। किसानों के अनुसार ग्राम खरसारू गेहूं खरीदी केंद्र स्थानांतरित किए जाने से तीनों गांवों के मजदूरों का भी नुकसान हुआ है, जो खरीदी केंद्र में मजदूरी करते थे। जब किसानों की प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने नहीं सुनी तो तीनों गांवों के किसानों ने निर्णय लिया है कि वे लोकसभा चुनाव 2024 के लिए आगामी 19 अप्रैल को होने वाले मतदान का बहिष्कार करेंगे।

बताया गया कि पिछले 25- 30 वर्षों से गेहूं खरीदी केन्द्र खरसारू ग्राम में ही था किन्तु वर्तमान में गेहूं खरी केन्द्र चौधरी वेयरहाउस कर दिया गया है। अब किसानों को लगभग 15 किलोमीटर का सफर तय करके ग्राम बगलई खरीदी केन्द्र में जाकर गेहूं बेचना पड़ता है। जिससे किसानों को अत्याधिक परेशानियों का सामना करना पडेगा। मांग है कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए ग्राम खरसारू का केन्द्र यथावत रखा जाए।

तीन गांवों के किसानों के गेहूं खरीदी के मामले को हम चेक कराया जा रहा है। हम आप्शन देख रहे हैं। प्रशासनिक तौर पर देखना होगा, मौसम को देखते हुए कीचड़, पानी को देखते हुए कैसे खरीदी करा सकते हैं। -क्षितिज सिंघल, कलेक्टर सिवनी

संबंधित खबरें...

Back to top button