Shivani Gupta
16 Oct 2025
मनोरंजन। क्राइम-थ्रिलर वेब सीरीज 'दिल्ली क्राइम सीजन 3' की रिलीज डेट सामने आ गई है। यह सीरीज 13 नवंबर 2025 को रिलीज होने जा रही है। करीब तीन साल बाद इसका तीसरा पार्ट दर्शकों के सामने होगा। इससे पहले पहला सीजन 2019 में और दूसरा पार्ट 2022 में रिलीज हुआ था। 'दिल्ली क्राइम सीजन 3' ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जाएगा। इस बार भी शेफाली शाह DCP वर्तिका चतुर्वेदी के किरदार में नजर आएंगी।
ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने 'दिल्ली क्राइम सीजन 3' की रिलीज डेट की घोषणा की। वेब सीरीज का टीजर यूट्यूब पर साझा करते हुए लिखा गया है, 'कानून की मुलाकात मैडम सर से, एक बार फिर। न्याय की निरंतर खोज के साथ टीम लौट आई है। एमी अवॉर्ड विनर फ्रेंचाइजी दिल्ली क्राइम का तीसरा सीजन 13 नवंबर को सिर्फ नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगा।'
नेटफ्लिक्स ने 'दिल्ली क्राइम सीजन 3' का 1 मिनट 4 सेकेंड का टीजर रिलीज किया है, जिसमें शेफाली शाह की आवाज सुनाई देती है। वह कहती हैं, 'एक ऐसा अपराध मिला जिसका अंधेरा शहर, गांव और देश की सीमाओं को पार कर गया।' इंस्टाग्राम पर इस वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है, 'तर्क से परे, सीमाओं से परे। एक ऐसा केस जो हर हद को पार करेगा।'
'दिल्ली क्राइम सीजन 3' की स्टार कास्ट में शेफाली शाह, हुमा कुरैशी और रसिका दुग्गल मुख्य भूमिका में हैं। इनके अलावा राजेश तैलंग, जया भट्टाचार्य, अनुराग अरोड़ा, सयानी गुप्ता, मीता वशिष्ठ, केली दोरजी और अंशुमान पुष्कर भी इस सीरीज का हिस्सा हैं। इस सीजन का निर्देशन तनुज चोपड़ा ने किया है।