Mirzapur The Movie पर चली CBFC की कैंची, 35 सेकंड के इंटीमेट सीन हटाए; 4 जगह गालियां म्यूट

ओटीटी पर जबरदस्त सफलता हासिल करने के बाद 'मिर्जापुर' अब फिल्म के रूप में बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। 'मिर्जापुर द मूवी' को सेंसर बोर्ड यानी CBFC से 'A' सर्टिफिकेट मिल गया है। हालांकि, सर्टिफिकेट जारी करने से पहले फिल्म के कुछ डायलॉग और सीन में बदलाव के निर्देश दिए गए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का रनटाइम 3 घंटे 17 मिनट 19 सेकंड है। यानी दर्शकों को बड़े पर्दे पर मिर्जापुर का करीब सवा तीन घंटे का भौकाल देखने को मिलेगा।
गालियों वाले डायलॉग में किए गए बदलाव
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, CBFC ने फिल्म में इस्तेमाल की गई कुछ गालियों पर कैंची चलाई है।
- 4 जगह गालियों को म्यूट किया गया है।
- 6 जगह गालियों की जगह 'सही' शब्द इस्तेमाल करने को कहा गया।
- 'गले से लग जा' डायलॉग में भी बदलाव किया गया।
- फिल्म के पहले हिस्से में एक शब्द को बदलकर 'कमर' करने को कहा गया।
- इंटरवल के बाद 'लंठ' शब्द को बदलने का निर्देश दिया गया।
- जाति से जुड़े एक रेफरेंस में भी बदलाव करने को कहा गया।
इंटीमेट सीन भी हुए कम
CBFC ने फिल्म के इंटीमेट सीन्स में भी बदलाव के निर्देश दिए। रिपोर्ट के अनुसार, मेकर्स से विजुअल और साउंड में बदलाव करते हुए इंटीमेट सीन की अवधि को 50 प्रतिशत तक कम करने के लिए कहा गया। ऐसे दो सीन्स में बदलाव किया गया। एक फिल्म के पहले हाफ में था, जबकि दूसरा इंटरवल के बाद। रिपोर्ट के मुताबिक, कुल 35 सेकंड के इंटीमेट सीन फिल्म से हटा दिए गए हैं।
हिंसा और खून-खराबे वाले सीन्स पर नहीं चला सेंसर बोर्ड का डंडा
'मिर्जापुर' अपनी जबरदस्त हिंसा और क्राइम से भरपूर कहानी के लिए भी जानी जाती है। ऐसे में दिलचस्प बात यह है कि CBFC ने फिल्म के हिंसा या खून-खराबे वाले सीन्स को हटाने का निर्देश नहीं दिया। जरूरी बदलाव किए जाने के बाद फिल्म को 'A' सर्टिफिकेट के साथ रिलीज की मंजूरी दे दी गई।
3 घंटे 17 मिनट की होगी फिल्म
CBFC सर्टिफिकेट के मुताबिक, 'मिर्जापुर द मूवी' की लंबाई 197.19 मिनट है। यानी फिल्म करीब 3 घंटे, 17 मिनट और 19 सेकंड लंबी होगी। 'A' सर्टिफिकेट का मतलब है कि फिल्म केवल वयस्क दर्शकों के लिए है।
4 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी 'मिर्जापुर द मूवी'
'मिर्जापुर द मूवी' 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में मिर्जापुर की पुरानी स्टारकास्ट के साथ कई चर्चित कलाकार नजर आएंगे। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, जितेंद्र कुमार, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी, सोनल एस चौहान, अनंग्शा बिस्वास, शाजी चौधरी, सुशांत सिंह और रवि किशन अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।




















