इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर सोमवार देर रात दिल्ली से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट की मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग करना पड़ी। दरअसल, फ्लाइट में सवार एक महिला यात्री को सीने में अचानक से दर्द और घबराहट होने पर फ्लाइट को यहां उतारना पड़ा। महिला यात्री को तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। जांच में सब ठीक पाया गया।
मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग की मांगी थी अनुमति
एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक, विस्तारा एयर लाइंस की दिल्ली से बेंगलुरु जाने वाली उड़ान यूके-807 के पायलट ने रात करीब 9.45 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क करते हुए मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। फ्लाइट में सवार एक महिला यात्री के सीने में दर्द और घबराहट हो रही है। तुरंत फ्लाइट को लैंडिंग करने की अनुमति दी। साथ ही एयरपोर्ट पर मेडिकल इमरजेंसी अलर्ट भी जारी किया गया। एंबुलेंस और डॉक्टर को तैयार किया गया। फ्लाइट रात 10.07 बजे एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। इसके बाद महिला यात्री रनिता सरकार को तुरंत एंबुलेंस में शिफ्ट कर नजदीकी बांठिया अस्पताल ले जाया गया। महिला यात्री को उतारने के बाद विमान 11 बजे बैंगलुरु के लिए रवाना हुआ। प्रबंधन के मुताबिक, अस्पताल में महिला की जांच में सबकुछ सामान्य पाया गया। डॉक्टरों के अनुसार एसिडिटी के कारण महिला यात्री को सीने में दर्द और घबराहट हो रही थी। विस्तारा के अधिकारियों ने उनके स्वजन से संपर्क कर यात्री के स्वास्थ्य की जानकारी दी।
इंदौर एयरपोर्ट पर एक घंटा खड़ी रही फ्लाइट
फ्लाइट ने रात 8.40 बजे नई दिल्ली से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी। रात 9.45 बजे पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत मांगी। 10.07 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर फ्लाइट लैंड हुई। रात 11.07 पर वापस बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी। बेंगलुरु पहुंचने का टाइम रात में 11.20 बजे हैं। वहीं फ्लाइट 1 घंटे की देरी से बेंगलुरु पहुंची।
चेन्नई फ्लाइट कैंसिल, रायपुर फ्लाइट 1 घंटा देरी से उड़ी
इमरजेंसी लैंडिंग के चलते इंडिगो एयरलाइंस ने मंगलवार सुबह चेन्नई से इंदौर आकर वापस चेन्नई जाने वाली फ्लाइट कैंसिल कर दी, जिससे पहले से बुकिंग करवा चुके पैसेंजर्स परेशान हुए। इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6E-6309) सुबह 7.25 बजे चेन्नई से इंदौर आकर 8 बजे वापस चेन्नई रवाना होती है। कंपनी अधिकारियों का कहना है कि फ्लाइट निरस्त होने की सूचना पैसेंजर्स को पहले ही दे दी गई थी। दरअसल, बुकिंग करवा चुके यात्रियों को रीबुकिंग और रीफंड का विकल्प दिया गया है। बता दें कि सुबह 9 बजे इंदौर से रायपुर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट (6E-7112) एक घंटा देरी से रवाना हुई।
ये भी पढ़े: MP में बनेगी देश की पहली साइबर तहसील, अब नामांतरण के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर, कैबिनेट ने दी मंजूरी