PlayBreaking News

गुरुग्राम में यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर हुई फायरिंग : बाइक सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, जांच में जुटी पुलिस

Follow on Google News
गुरुग्राम में यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर हुई फायरिंग : बाइक सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, जांच में जुटी पुलिस
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    गुरुग्राम। बिग बॉस ओटीटी विनर और मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर रविवार सुबह करीब साढ़े 5 से 6 बजे के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने घर के बाहर और ग्राउंड फ्लोर की ओर लगातार 20 से ज्यादा राउंड फायर किए। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

    फायरिंग के वक्त एल्विश यादव घर में मौजूद नहीं थे। हालांकि, उनकी मां और केयरटेकर घर पर ही थे। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई।

    मौके पर पहुंची पुलिस, CCTV खंगाले जा रहे

    वारदात की जानकारी मिलते ही गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। शुरुआती जांच में पुलिस को 10 से 12 राउंड गोलियों के सबूत मिले हैं। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश जारी है।

    फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि गोलीबारी से जुड़े सबूत जुटाए जा सकें। पुलिस का मानना है कि यह हमला चेतावनी के तौर पर भी हो सकता है।

    हाल ही में हुईं फायरिंग की घटनाएं

    इससे पहले जुलाई में मशहूर हरियाणवी और बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर भी फायरिंग की खबर सामने आई थी। हालांकि बाद में पुलिस ने उस घटना से इनकार किया था।

    वहीं कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे के बाहर भी दो बार फायरिंग हो चुकी है, जिनकी जिम्मेदारी खालिस्तानी और गैंगस्टर ग्रुप्स ने ली थी।

    लगातार हो रही इन घटनाओं से साइबर सिटी गुरुग्राम और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

    विवादों से घिरे रहे हैं एल्विश यादव

    • 28 वर्षीय एल्विश यादव की गिनती भारत के सबसे पॉपुलर यूट्यूबर्स में होती है। उनके यूट्यूब चैनल पर 15 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। बिग बॉस ओटीटी 2 जीतने के बाद उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई।
    • हालांकि, एल्विश विवादों से भी अक्सर घिरे रहते हैं। पिछले साल उन्हें रेव पार्टी में स्नेक वेनम (सांप का जहर) सप्लाई और सेवन के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
    • फरवरी 2024 में उनका एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें उन्होंने एक रेस्टोरेंट में युवक को थप्पड़ मारा था।
    • बिग बॉस कंटेस्टेंट चुम दरांग पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर भी उन्हें आलोचना झेलनी पड़ी।
    • इसके अलावा, एक यूट्यूबर सागर ठाकुर उर्फ मैक्सटर्न से उनका झगड़ा पुलिस केस तक पहुंच चुका है।

    एल्विश या परिवार का नहीं आया कोई बयान

    फायरिंग की घटना के बाद फैंस सोशल मीडिया पर अपनी चिंता जता रहे हैं। हालांकि, अब तक एल्विश यादव या उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि अगर एल्विश औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हैं तो जांच की रफ्तार और तेज कर दी जाएगी।

    ये भी पढ़ें: कोलकाता में ‘द बंगाल फाइल्स’ ट्रेलर लॉन्च पर हंगामा, विवेक अग्निहोत्री बोले- हमारी आवाज दबाई जा रही है

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts