व्यापार जगत

ट्विटर CEO के पद से इस्तीफा देने वाले हैं Elon Musk? पोल कर यूजर्स से पूछी राय

एलन मस्क माइक्रोब्लॉगिंग साइट Twitter की कमान संभालने के बाद से ही चर्चा में बने हुए हैं। वहीं अब उन्होंने अपने CEO पद पर बने रहने को लेकर एक पोल शुरू किया है। मस्क ने ट्वीट कर यूजर्स से पूछा है कि क्या उन्हें Twitter के CEO के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। मस्क ने अपने इस पोल के साथ ये भी लिखा कि, इसका जो भी रिजल्ट आएगा वे उसका पालन करेंगे।

ज्यादातर लोग कह रहे ‘हां’

मस्क ने 19 दिसंबर, 2022 को भारतीय समयानुसार सुबह 4:50 बजे ये पोल पोस्ट किया। अभी तक के नतीजों में 56% ने ‘हां’ में और 44% ने ‘नहीं’ में जवाब दिया है। अभी भी वोटिंग के लिए करीब 5 घंटे का समय बचा है।

पहले ही दे चुके हैं पद छोड़ने के संकेत

हाल ही में मस्क ने कहा था कि, वह ट्विटर के सीईओ के रूप में लंबे समय तक काम नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा था कि वह इस पद के लिए किसी और को ढूंढेंगे। ऐसे में कयास लगाए जा रहे थे कि, मस्क जल्द ही ट्विटर चीफ की कुर्सी को लेकर कोई बड़ा फैसला कर सकते हैं।

क्यों कर रहे पद छोड़ने का विचार

मस्क ने 17 नवंबर को कहा था कि, Twitter खरीदने के बाद उन्हें कंपनी में बड़े बदलाव करने के लिए अपना काफी समय देना पड़ रहा है। जिसकी वजह से वे अपनी पुरानी कंपनी टेस्ला को कम समय दे पा रहे हैं। ऐसे में टेस्ला के निवेशकों की चिंता बढ़ गई है।

44 अरब डॉलर में किया था ट्विटर का अधिग्रहण

एलन मस्क ने 44 अरब डॉलर में हुई डील के बाद ट्विटर का अधिग्रहण किया था। जिसके बाद मस्क ने कंपनी के सीईओ पराग अग्रवाल के साथ ही सीएफओ और दो अन्य अधिकारियों को उनके पद से हटा दिया था। ट्विटर की कमान संभालने के बाद से एलन मस्क कंपनी में बड़े बदलाव करने में जुटे हुए हैं।

3700 कर्मचारियों को निकाला

एलन मस्क ने ट्विटर के करीब 50 फीसदी कर्मचारियों को कंपनी से बाहर का रास्ता दिखा दिया। ट्विटर के कुल 7500 कर्मचारियों में से करीब 3700 को निकाल दिया गया है।

ये भी पढ़ें- Twitter यूजर्स को लगने वाला है झटका! Blue Tick ही नहीं बल्कि सभी यूजर्स से पैसे लेंगे मस्क, प्लानिंग शुरू

संबंधित खबरें...

Back to top button