राष्ट्रीय

हिमाचल में आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री बनेंगे डिप्टी CM

हिमाचल के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज दोपहर 1:30 बजे शिमला के रिज मैदान में शपथ लेंगे। इनके साथ डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री भी शपथग्रहण करेंगे। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर दोनों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और AICC महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद रहेंगी।

कौन हैं हिमाचल के नए सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू?

सुक्खू के पिता रोडवेज में बस चालक थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत छात्र राजनीति से की और संगठन में पहचान बनाई। सुक्खू नादौन विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। 2013 से 2019 तक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। सुखविंदर सिंह हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की इलेक्शन कैंपेनिंग कमेटी के चेयरमैन और 5 बार के विधायक हैं।

कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं

हिमाचल में हर 5 साल के बाद सरकार बदलने का सिलसिला इस बार भी जारी रहा। कांग्रेस ने 68 में से 40 सीटें जीतीं और रिवाज बदलने का दावा करने वाली BJP 25 सीटों पर सिमट गई है।

हिमाचल विधानसभा के लिए 12 नवंबर को चुनाव हुए थे। जिसमें करीब 76.44 प्रतिशत मतदान हुआ था। अभी तक राज्य में भाजपा की सरकार थी, लेकिन अब कांग्रेस की होगी। हिमाचल प्रदेश में भाजपा का कार्यकाल 8 जनवरी 2023 को खत्म हो रहा है।

विक्रमादित्य सिंह भी आज लेंगे शपथ?

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री और डिप्टी CM के साथ ही आज केंद्रीय नेताओं की मौजूदगी में विक्रमादित्य सिंह को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। विक्रमादित्य सिंह हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के बेटे हैं। हालांकि, अन्य मंत्रियों को बाद में कार्यक्रम तय करके शपथ दिलाई जाएगी।

राहुल गांधी भी होंगे शामिल

राजस्थान में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज सातवां दिन है। बूंदी के बलदेवपुरा से आज के सफर की शुरुआत हुई है। लंच ब्रेक में राहुल हिमाचल प्रदेश के नए सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए शिमला जाएंगे।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button