
भोपाल। मध्य प्रदेश में अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल फिलहाल खत्म कर दी है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने चिकित्सक महासंघ के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की है। इस दौरान मंत्री ने आश्वस्त किया कि डॉक्टरों की मांगों पर विचार करने के लिए हाई पावर कमेटी बनाई जाएगी। इस आश्वासन के बाद डॉक्टरों ने प्रदेशव्यापी हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया है।
दरअसल, मध्य प्रदेश में बुधवार से डॉक्टर हड़ताल पर थे। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मध्य प्रदेश चिकित्सक महासंघ के बैनर तले हड़ताल का ऐलान किया गया था। इस हड़ताल को सरकारी जूनियर डॉक्टर्स, स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर या अन्य विभागों के डॉक्टर्स के अलावा डॉक्टर से जुड़े 7 संगठनों का समर्थन मिला था।
सरकार को रिपोर्ट सौंपेगी समिति
डॉक्टरों के प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद मंत्री सारंग ने कहा कि चिकित्सक महासंघ के पदाधिकारियों के साथ चर्चा के दौरान हाई पावर समिति के गठन का निर्णय लिया गया है। यह समिति चिकित्सकों की मांगों पर विचार कर सरकार को रिपोर्ट सौंपेगी। सरकार समिति के सुझावों पर विचार कर समय सीमा में निर्णय लेगी। उन्होंने बताया कि समिति में चिकित्सा महासंघ के तीन प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। महासंघ में विभिन्न विभागों का प्रतिनिधित्व भी रहेगा। इस वजह से हाई पावर समिति में महासंघ के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा।
#भोपाल : #चिकित्सकों की #हड़ताल खत्म। चिकित्सा शिक्षा मंत्री #विश्वास_सारंग ने की चिकित्सा महासंघ के पदाधिकारियों के साथ चर्चा। मंत्री सारंग ने कहा- चिकित्सा महासंघ की मांगों को लेकर बनेगी हाई पावर कमिटी।@VishvasSarang @healthminmp @DrPRChoudhary @CMMadhyaPradesh #PeoplesUpdate pic.twitter.com/QltfR6t2ZV
— Peoples Samachar (@psamachar1) February 17, 2023
सभी डॉक्टर काम कर रहे हैं : मंत्री सारंग
मंत्री सारंग ने कहा कि हमारी सरकार संवाद करने वाली सरकार है। चिकित्सकों की मांगों को लेकर राज्य सरकार संवदेनशीलता और दृढ़ता के साथ विचार कर शीघ्र ही निर्णय लेगी। कोरोना के समय में डॉक्टरों ने बहुत अच्छा काम किया था। मंत्री सारंग ने कहा कि मैं चिकित्सा महासंघ को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने हड़ताल को खत्म करने का फैसला लिया है। प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था में कहीं कोई दिक्कत नहीं आई है। सभी डॉक्टर काम कर रहे हैं। मरीजों का इलाज निरंतर जारी है।
क्या थी हड़ताल की वजह ?
जानकारी के अनुसार, मप्र में लंबे समय से डॉक्टरों का प्रमोशन रुका हुआ है। वेतन विसंगतियां और पदोन्नति में भी गड़बड़ियां हैं। अब तक प्रदेश में डीएसीपी लागू नहीं किया गया है। यही कारण है कि पहली बार सभी वर्ग के चिकित्सक एक साथ हड़ताल पर जा रहे हैं।