ग्वालियरमध्य प्रदेश

VIDEO : राजमाता विजयराजे सिंधिया की 103वीं जयंती आज, ग्वालियर में हुई महिला मैराथन, बुआ-भतीजे हुए शामिल

ग्वालियर। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की दादी और ग्वालियर में राजमाता के नाम से प्रसिद्ध विजयाराजे सिंधिया की गुरुवार को 103वीं जयंती मनाई। इस मौके पर ग्वालियर में छठी राष्ट्रीय महिला मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मप्र की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

थीम रोड पर आयोजित हुई राष्ट्रीय महिला मैराथन

राजमाता विजयराजे सिंधिया की जयंती के मौके पर गुरुवार को थीम रोड पर राष्ट्रीय महिला मैराथन 2022 का आयोजन किया गया। मैराथन सुबह थीम रोड से प्रारंभ हुई और एमएलबी ग्राउंड पर समाप्त हुई। इस मैराथन का आयोजन राजमाता विजयाराजे सिंधिया सेंटर फॉर डेवलपमेंट ट्रस्ट, खेल और युवा कल्याण विभाग, ग्वालियर अमेच्योर ओलिंपिक एसोसिएशन, नगर निगम ग्वालियर और भाजपा महिला मोर्चा के सहयोग से हुआ।

पुरस्कार देकर किया सम्मानित

मैराथन में जूनियर और सीनियर वर्ग ग्रुप बनाए गए थे। महिला मैराथन में प्रथम 20 धावकों को दोनों ग्रुप में नकद एक-एक लाख रुपए की इनाम राशि दी गई। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने पुरस्कार वितरण किया। इस मौके पर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर सहित प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी भी उपस्थित रहे।

केंद्रीय मंत्री बोले- राजमाता के पद चिन्हों पर चलने की जरूरत

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आज एक महत्वपूर्ण दिवस है। आज मेरी पूज्य आजी अम्मा की 103वीं जयंती है। उन्होंने अपना जीवन ग्वालियर और मध्यप्रदेश के लिए ही नहीं बल्कि देश के विकास के लिए समर्पित किया। उनके पद चिन्हों पर चलने का एक संकल्प हम सब परिजनों का है।

उन्होंने जो एक रास्ता दिखाया, महिलाओं, समाज और देशसेवा के लिए जो संकल्प लिया, उसे हम दोबारा आज लेते हैं। मैराथन का आयोजन किया गया, जिसके जरिए अनोखा संदेश पहुंचाने की कोशिश है कि कैसे महिलाओं को राष्ट्र की प्रगति में अगर हम जोड़ेंगे तब ही देश का उत्थान और विकास संभव हो पाएगा।

यशोधरा राजे सिंधिया ने राजमाता को किया याद

राजमाता विजया राजे सिंधिया की बेटी और मध्य प्रदेश सरकार की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि हर साल हमारी संस्था राजमाता की याद में राष्ट्रीय महिला मैराथन का आयोजन करती है। आज हम राजमाता जी को याद कर रहे हैं। उनके व्यक्तित्व जो अलग-अलग खूबियां थी, उनकी शालीनता, उनकी सादगी, देशप्रेम की भावना को हम मैराथन में दिखाते हैं। इस बार मैराथन में यूपी, हरियाणा समेत कई राज्यों के बच्चे आए हैं। अब यह मैराथन राष्ट्रीय हो चुकी है। हम सब इकट्ठा होकर कोशिश करते हैं कि हम राजमाता के पद चिन्हों पर चलें।

ये भी पढ़ें: ग्वालियर में GST की कार्रवाई: पटाखा दुकानों पर मारा छापा, बिना बिल के पटाखे बेचने की शिकायत पर कार्रवाई

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button