ताजा खबरबॉलीवुडमनोरंजन

संगीत सम्राट उस्ताद राशिद खान का निधन, 55 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, राष्ट्रपति ने जताया शोक

एंटरटेनमेंट डेस्क। संगीत की दुनिया के उस्ताद राशिद खान का मंगलवार को निधन हो गया। उन्होंने 55 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। राशिद खान काफी दिनों से प्रोस्टेट कैंसर से जूझ रहे थे। उनका कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। वह वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे। डॉक्टर्स की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। राशिद खान की मौत की खबर सुनकर उनके परिवार और फैंस पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं गायक का अंतिम संस्कार कल 10 जनवरी को किया जाएगा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने व्यक्त किया शोक

राशिद खान के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत गायक उस्ताद राशिद खान के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। पद्मभूषण पुरस्कार से सम्मानित उस्ताद राशिद खान ने फ्यूजन की खोज और जुगलबंदियों का प्रदर्शन करके बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वह शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में समृद्ध विरासत छोड़ गए हैं। मैं उनके प्रियजनों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।

 

सीएम ममता बनर्जी ने भी व्यक्त किया शोक

उस्ताद राशिद खान के निधन पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा, यह पूरे देश और पूरे संगीत जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है। मैं बहुत दुखी हूं। मुझे अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है कि राशिद खान अब नहीं रहे। उन्होंने कहा उस्ताद राशिद खान के अंतिम संस्कार पर उन्हें बंदूकों से सलामी देकर विदा किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर को रवीन्द्र सदन में रखा जाएगा। जहां उनके चाहने वाले उस्ताद के अंतिम दर्शन कर पाएंगे।

राशिद खान को पद्मश्री और पद्मभूषण से नवाजा गया

उस्ताद राशिद खान का जन्म 1 जुलाई 1968 को उत्तरप्रदेश के बदायूं में हुआ था। राशिद का संगीत करियर 11 साल की उम्र में ही शुरू हो गया था। संगीतकार ने कई बांग्ला गीत भी आए। उन्हें साल 2022 में पद्मभूषण पुरस्कार से नवाजा गया था। उन्हें साल 2006 में पद्मश्री और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से भी पुरस्कृत किया गया था।

उस्ताद ने इन गानों में दी आवाज

राशिद खान ने शाहिद कपूर और करीना कपूर की फिल्म ‘जब वी मेट’ के लिए’ आओगे जब तुम’ गाने को अपनी आवाज से सजाया था, जो काफी पॉपुलर हुई थी। इसके अलावा ‘माय नेम इज खान’, ‘राज 3’, ‘मंटो’ और ‘शादी में जरूर आना’ जैसी फिल्मों के गानों को आवाज दी थी।

ये भी पढ़ें-Farhan Akhtar Birthday : करियर के लिए छोड़ दी थी पढ़ाई, मां की एक धमकी ने बनाया एक्टर, कॉकरोच से डरते हैं बॉलीवुड के मिल्खा, जानें फरहान की जर्नी के बारे में

संबंधित खबरें...

Back to top button