देपालपुर में पूर्व वन मंत्री निर्भय सिंह पटेल का 30वां पुण्य स्मरण समारोह आयोजित, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने किया नमन
देपालपुर। भाजपा के पूर्व वन मंत्री स्वर्गीय निर्भय सिंह पटेल का 30वां पुण्य स्मरण समारोह देपालपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पार्टी और संगठन के लिए उनके योगदान को याद किया। इस दौरान वक्ताओं ने उनके साथ बिताए अनुभव साझा किए और उनके सरल स्वभाव व संगठन के प्रति समर्पण को याद किया।
गांवों की पगडंडियों तक की जानकारी थी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेंद्र देथलिया ने स्वर्गीय निर्भय सिंह पटेल के साथ काम करने के दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि उस समय गांवों तक पहुंचने के लिए कच्ची और धूल भरी सड़कें हुआ करती थीं। इसके बावजूद दादा खेतों की मेड़ों से होकर दूसरे गांव तक पहुंचने का रास्ता आसानी से बता देते थे। उन्होंने कहा कि आज लोग गूगल मैप का इस्तेमाल करने के बाद भी रास्ता भटक जाते हैं, लेकिन दादा को गांवों के खेत और रास्ते तक अच्छी तरह याद रहते थे। वे खेतों की पहचान बताते हुए सीधे दूसरे गांव तक पहुंचने का रास्ता बता देते थे। देथलिया ने उनके साथ बिताए पलों को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
भाजपा को मजबूत बनाने में योगदान याद किया
भाजपा जिला अध्यक्ष चिंटू वर्मा ने कहा कि भाजपा आज जिस बड़े स्वरूप में है, उसके पीछे उन कार्यकर्ताओं और नेताओं का संघर्ष है, जिन्होंने पार्टी के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय निर्भय सिंह पटेल भी ऐसे ही नेताओं में शामिल थे। उन्होंने कहा कि उस दौर में कांग्रेस का शासन था और कम्युनिस्टों का भी प्रभाव था। भाजपा के लिए काम करने वाले कार्यकर्ता बहुत कम थे। ऐसे समय में दादा जैसे मजबूत नेताओं ने संगठन को खड़ा करने और कार्यकर्ताओं को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्मा ने कहा कि आज भाजपा में पंच, सरपंच से लेकर विधायक, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक हैं। इसके पीछे पुराने कार्यकर्ताओं का समर्पण और संघर्ष महत्वपूर्ण रहा है।
दादा की स्मृति में लगाएंगे त्रिवेणी पौधे
चिंटू वर्मा ने कार्यकर्ताओं से स्वर्गीय निर्भय सिंह पटेल की स्मृति में अपने-अपने घरों और खेतों में त्रिवेणी पौधे लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी अपने खेत में दादा के नाम से त्रिवेणी पौधे लगाएंगे, ताकि 31 अगस्त की तारीख उन्हें हमेशा उनकी याद दिलाती रहे। वरिष्ठ भाजपा नेता अंतरसिंह मौर्य ने कहा कि आज भी कई गांवों में दादा से जुड़े कार्यकर्ता मजबूती से भाजपा के साथ खड़े हैं और संगठन को मजबूत करने में योगदान दे रहे हैं।
सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष अनिता महेशपुरी, राधेश्याम ठाकुर और देवकरण दरबार सहित कई अतिथि मौजूद रहे। इस अवसर पर नगर परिषद उपाध्यक्ष गोपाल कटेशरिया, विधायक प्रतिनिधि ईश्वरी शर्मा, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष चंद्रजीत यादव पप्पू, सांसद प्रतिनिधि अजय आहूजा, दीनदयाल चौबे, सत्यनारायण पटेल, महामंत्री मुकेश जैन, पार्षद विमल यादव, मोरसिंह नागर, रवि चोरसिया, सोमिल माली, सतीस मारू, भारत सिंह, प्रहलाद पटेल, लखन परिहार, तोलाराम परमार और विजय जाधव समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सत्यनारायण पटेल ने किया। नगर परिषद प्रतिनिधि महेशपुरी पहलवान ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने भी स्वर्गीय निर्भय सिंह पटेल के साथ बिताए पलों को याद किया और भावुक हो गए।























