दिल्ली के रोहिणी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, भाऊ गैंग के 3 बदमाश गिरफ्तार; एक के पैर में लगी गोली

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में भाऊ गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली पुलिस की यह मुठभेड़ बेगमपुर के इलाके में हुई। बदमाशों के पास से हथियार और एक बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस उनसे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। इसके साथ ही पुलिस का कहना है कि, आने वाले दिनों में इस गैंग के अन्य सदस्य भी पकड़ में आ सकते हैं।
मुठभेड़ का घटनाक्रम
पुलिस के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को खुफिया जानकारी मिली थी कि भाऊ गैंग के तीन बदमाश रोहिणी इलाके में आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने बेगमपुर इलाके में एक ट्रैप लगाया और बदमाशों को रुकने के लिए कहा, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। बाद में पुलिस ने तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया और घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।पूछताछ में हो सकते हैं कई खुलासे
दिल्ली पुलिस का कहना है कि, गिरफ्तार किए गए बदमाशों से पूछताछ में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। पुलिस आरोपियों से यह जानने की कोशिश कर रही है कि, वे किस वारदात को अंजाम देने जा रहे थे। पुलिस ने यह भी कहा कि, तीनों बदमाश बाइक से बवाना इलाके जा रहे थे और समय रहते कार्रवाई कर इन्हें पकड़ लिया गया।




















