दिल्ली: ओल्ड राजेंद्र नगर में UPSC छात्र की मौत, फ्लैट में मिला शव; सुसाइड नोट बरामद

दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में UPSC की तैयारी कर रहे 25 वर्षीय छात्र की मौत का मामला सामने आया है। छात्र आंध्र प्रदेश का रहने वाला था। उसका शव फ्लैट के अंदर फंदे से लटका मिला। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नोट में पढ़ाई से जुड़े तनाव और डिप्रेशन का जिक्र है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
PCR कॉल से मिली सूचना
पुलिस के मुताबिक, सोमवार दोपहर 2:38 बजे ओल्ड राजेंद्र नगर के मकान नंबर 11A/16 में एक छात्र के आत्महत्या करने की सूचना PCR कॉल के जरिए मिली। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को फ्लैट के अंदर 25 वर्षीय अल्ता भारत कुमार रेड्डी का शव मिला। इसके बाद घटनास्थल की जांच की गई और जरूरी सबूत जुटाए गए।
सुसाइड नोट में पढ़ाई के तनाव का जिक्र
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इसमें पढ़ाई से जुड़े तनाव और डिप्रेशन का जिक्र किया गया है। हालांकि, छात्र की मौत की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
प्रारंभिक जांच में फिलहाल किसी बाहरी व्यक्ति की भूमिका या गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस संबंधित सबूत जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




















