राष्ट्रीय

Delhi Kanjhawala Case : लोगों का फूटा गुस्सा, सुल्तानपुरी थाने का किया घेराव; LG ने पुलिस कमिश्नर को भेजा समन

दिल्ली के कंझावला हिट एंड रन केस को लेकर लोग सड़कों पर उतर आए हैं। आक्रोशित लोगों ने दिल्ली के सुल्तानपुरी थाने का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं दिल्ली के एलजी विनय सक्सेना ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को समन भेजा है। इसको लेकर सीएम केजरीवाल ने कहा कि, यह बेहद शर्मनाक घटना है। ऐसे लोगों को फांसी की सजा मिलना चाहिए।

मीडिया की आवाज को दबाना तानाशाही के संकेत- स्वाति मालीवाल

दिल्ली के कंझावला में हुई वारदात को लेकर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा कि, पहले पत्रकारों को FIR की धमकी से डराया जा रहा था और अब पुलिस मीडिया के साथियों के साथ इस तरह धक्कामुक्की और मरपीट कर रहे हैं। चल क्या रहा है ये? पुलिस अपनी नाकामी छुपाने के चक्कर में मीडिया को भी काम करने नहीं दे रही। लोकतंत्र में मीडिया की आवाज़ को दबाना तानाशाही के संकेत हैं।

सीएम केजरीवाल बोले- आरोपियों को कड़ी सजा दिलायेंगे

कंझावला मामले पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, यह बेहद शर्मनाक घटना है। हमारा समाज किस तरफ जा रहा है, कुछ लड़कों ने कई किलोमीटर तक एक लड़की को घसीटा ये बेहद दर्दनाक है। पोस्टमार्टम अभी चल रहा है सच जल्द ही पता चलेगा। चाहे आरोपी कितने भी रसूख वाले क्यों ना हो उनको सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। इस तरह के लोगों को फांसी की सजा मिलना चाहिए।

परिवार में मेरी बेटी ही थी कमाने वाली: मृतका की मां

पीड़िता की मां ने कहा कि, वह शादियों के लिए इवेंट प्लानर का काम करती थी। सुबह मुझे पुलिस का फोन आया और दुर्घटना के बारे में बताया गया। हमारे परिवार में मेरी बेटी ही कमाने वाली थी। उसने इतने कपड़े पहने थे लेकिन उसके शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था, यह कैसा हादसा था। वहीं मृतका के मामा का कहना है कि, उन्हें पुलिस जांच पर भरोसा नहीं है। उन्होंने इस मामले में CBI जांच की मांग की है।

5 आरोपियों में से एक बीजेपी नेता

इस कांड में जो 5 आरोपी हैं, उनमें एक बीजेपी नेता है। इसका नाम मनोज मित्तल है, जिसकी सुल्तानपुरी में राशन की दुकान है। हादसे के समय वो कार में मौजूद था।

कार ने लड़की को 4KM तक घसीटा

दिल्ली के कंझावला इलाके में 31 दिसंबर को कार सवार 5 युवकों ने 20 साल की एक युवती को टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवक कार लेकर भागने लगे। लड़की कार के नीचे फंसी रही और करीब 4 किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती रही और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

चश्मदीद ने बताया- कार में फंसा था शव

घटना के चश्मदीद दीपक का कहना था कि, सुबह के समय करीब 3:15 बजे दीपक दूध की डिलीवरी का इंतजार कर रहे थे, तभी कार को आते देखा। कार सामान्य गति में थी और देखने से लग रहा था कि उसे चलाने वाला नॉर्मल है। कार में पीछे के पहियों से तेज आवाज आ रही थी। शव जब तक कार में फंसा रहा, तब तक कार को इधर-उधर कर दौड़ाते रहे। जब शव गिर गया तो वे उसे छोड़कर मौके से फरार हो गए। दीपक बेगमपुर तक बलेनो कार के पीछे गया।

5 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस घटना में कार सवार पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के नाम दीपक खन्ना (26), अमित खन्ना (25), कृष्ण (27), मिथुन (26) और मनोज मित्तल (27) है।

पूरा सच सामने आना चाहिए : स्वाति मालीवाल

दिल्ली राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने न्यू ईयर के जश्न पर दिल्ली पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- दिल्ली के कंझावला में एक लड़की की नग्न अवस्था में लाश मिली, बताया जा रहा है कि कुछ लड़कों ने नशे की हालत में गाड़ी से उसकी स्कूटी को टक्कर मारी और उसे कई किलोमीटर तक घसीटा। ये मामला बेहद भयानक है, मैं दिल्ली पुलिस को हाज़िरी समन जारी कर रही हूं। पूरा सच सामने आना चाहिए।

काम के बाद घर लौट रही थी युवती

दिल्ली पुलिस के आउटर जिले के DCP हरेंद्र सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर की रात करीब 3 बजे कंझावला से कंट्रोल रूम को कॉल पर जानकारी मिली थी कि यहां एक युवती निर्वस्त्र हालत में पड़ी है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि उसके शरीर पर कई जख्म थे। लहूलुहान शव के शरीर पर एक कपड़े भी नहीं थे। सड़क की रगड़ से उसके शरीर के ज्यादातर हिस्सों पर घाव हो गए थे। बताया जा रहा है कि युवती कल देर रात एक प्राइवेट फंक्शन में वेलकम गर्ल का काम करके घर लौट रही थी। उसी दौरान उसके साथ ये हादसा हुआ।

राष्ट्रीय की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button