ताजा खबरराष्ट्रीय

दिल्ली में 40 फीट बोरवेल में गिरे शख्स की नहीं बच सकी जान, NDRF-पुलिस ने 14 घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के बाद निकाला शव

नई दिल्ली। केशोपुर में दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में 40 फीट बोरवेल में गिरे शख्स की मौत हो गई है। रेस्क्यू टीम ने 14 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन में उसे बाहर निकाला लेकिन वह मृत पाया गया। दिल्ली की मंत्री आतिशी ने इस बात की जानकारी दी। व्यक्ति रात में एक बजे बोरवेल में गिर गया था। उसकी उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है।

ताला तोड़कर शुरू किया गया ऑपरेशन

जल मंत्री आतिशी रविवार सुबह वाटर प्लांट पहुंचीं थीं। उन्होंने बताया कि जब रेस्क्यू टीम रात को प्लांट पर पहुंची थी, तब बोरवेल वाले सेक्शन में ताला लगा हुआ था। जिसे तोड़कर ऑपरेशन शुरू किया गया था, प्लांट में बोरवेल के पास जाने की अनुमति किसी को भी नहीं होती है। पुलिस जांच कर रही है कि रात को ऐसा कैसे हुआ।

देर रात मिली जानकारी

दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर विचित्र वीर ने कहा कि, रात करीब 1 बजे विकासपुर पुलिस स्टेशन पर कॉल आया था। सूचना दी गई थी कि बोरवेल में एक व्यक्ति गिर गया है। घटना स्थल पर स्थानीय पुलिस के साथ-साथ फायर ब्रिगेड भी पहुंची। वहां पहुंचने पर पता चला कि बोरवेल में बच्चा गिरा है। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हालांकि, रविवार सुबह पता चला कि बोरवेल में बच्चा नहीं युवक ही गिरा है।

रस्सी से बाहर निकालने की कोशिश नाकाम

NDRF की टीम ने बोरवेल के बगल में गड्ढा खोदकर शख्स का शव निकाला है। इससे पहले बोरवेल में रस्सी डालकर शख्स को निकालने की कोशिश की गई थी, लेकिन उसमें सफलता नहीं मिली थी।

MP के आलीराजपुर में बोरवेल में गिरे मासूम की मौत

मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले में 12 दिसंबर 2023 को बोरवेल में गिरे 5 साल के मासूम को बचाया नहीं जा सका था। वो 20 फीट गहरे बोरवेल में फंस गया था। रेस्क्यू टीम ने उसे बाहर तो निकाल लिया लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी थी। रेस्क्यू टीम करीब साढ़े पांच घंटे बाद उसे निकाल पाई।

दरअसल, खंडाला में खेलते समय बोरी से ढंके बोरवेल में ये बच्चा गिरा था। घटना की सूचना पर आनन फानन में प्रशासन की टीम पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन बच्चे को बचाया नहीं जा सका।

ये भी पढ़ें- आलीराजपुर में खेलते समय 160 फीट गहरे बोरवेल में गिरे 5 साल के बच्चे को निकाला, 3 घंटे पहले ही हो गई थी मौत

संबंधित खबरें...

Back to top button