राष्ट्रीय

Delhi Jahangirpuri Violence : एक्शन में दिल्ली पुलिस… 14 आरोपी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच की स्पेशल सेल ने शुरू की जांच

दिल्ली के जहांगीरपुरी में शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव की शोभायात्रा पर पथराव के साथ फायरिंग भी हुई थी। इस मामले में पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। DCP नॉर्थ वेस्ट ऊषा रंगनानी ने बताया कि हिंसा में आठ पुलिस कर्मी और एक नागरिक घायल हुए हैं। वहीं अब इस पर दिल्ली और केंद्र सरकार की सियासत शुरू हो गई है।

हालात काबू में : दिल्ली पुलिस

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी दीपेंद्र पाठक का कहना है स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। माहौल शांतिपूर्ण है। हम लोगों के साथ लगातार संपर्क में हैं और शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहे हैं। सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारी यहां मौजूद हैं।

स्पेशल सेल ने शुरू की जांच

जहांगीरपुरी इलाके में हुए उपद्रव को लेकर दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की स्पेशल सेल साजिश की जांच में जुट गई है। इस मामले की जांच के लिए 10 टीमें बनाई गई हैं। पुलिस की टीम ने इलाके के कई वीडियो फुटेज हासिल कर लिए हैं। इनमें कुछ लोगों की पहचान भी हो चुकी है।

जामा मस्जिद के पास बहस से शुरू हुआ विवाद

जहागीरपुरी में हनुमान जन्मोत्सव के जुलूस में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। इसके अनुसार जामा मस्जिद के पास हुई मामूली बहस ने हिंसा का रूप धारण कर लिया था। कुछ ही देर में पथराव शुरू हो गया और शोभा यात्रा में भगदड़ मच गई।
शाम करीब 5:30 बजे जहांगीरपुरी के कुशल सिनेमा के पास शोभायात्रा पर अचानक पथराव हुआ। इसके बाद दो गुटों में झड़प हो गई। कई गाड़ियों में तोड़फोड़ के साथ ही कुछ वाहनों में आग भी लगा दी गई। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस टीम भी इसकी चपेट में आ गई।

दिल्ली से सटे इलाकों में हाई अलर्ट पर पुलिस

जहांगीरपुरी हिंसा के बाद उत्तर प्रदेश के संवेदनशील और दिल्ली से सटे इलाकों में पुलिस टीमें हाई अलर्ट पर हैं। मेरठ में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। मेरठ कोतवाली के सीओ अरविंद चौरसिया ने बताया कि स्थिति उत्पन्न होने पर कार्रवाई की जाएगी।

LG ने की निंदा, कहा- हिंसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा

दिल्ली के उपराज्यपाल ने जहांगीरपुरी में हुई घटना की निंदा की है। एलजी ने कहा है कि हिंसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। हिंसा करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।

मनोज तिवारी बोले- एक बड़ी साजिश…

दिल्ली बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि, हनुमान जन्मोत्सव पर आज जहांगीरपूरी दिल्ली में पथराव की घटना हुई.. ये राजधानी दिल्ली में एक बड़ी साजिश के तहत हो रहा है इसकी तत्काल जांच कर दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिले।

2020 में हुए थे दंगे

23 फरवरी 2020 की रात को दिल्ली में CAA और NRC को लेकर आंदोलन के दौरान दंगे भड़क गए थे। 23 से 26 को हुए दंगे में उत्तर पूर्वी दिल्ली के चांद बाग, बाबरपुर, जाफराबाद, सीलमपुर, खजूरी खास, मुख्य वजीराबाद रोड, करावल नगर, शिव विहार और ब्रह्मपुरी चपेट में आए थे। इन दंगों में 42 लोग मारे गए थे और 250 घायल हुए थे। मामले की जांच के लिए दो SIT बनाई गईं थीं।

ये भी पढ़ें- अनंतनाग में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, सेना का एक जवान शहीद

संबंधित खबरें...

Back to top button