
मझौली। प्रदेश में सहकारिता कर्मचारियों की कलम बंद हड़ताल निरंतर जारी है। जबलपुर जिले की मझौली तहसील के अंतर्गत सहकारिता कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 6 मई से हड़ताल पर बैठे है। कर्मचारियों ने अपनी मांगे पूरी न होने पर सोमवार को दसवें दिन सामूहिक रूप से मुंडन संस्कार करा कर प्रदेश सरकार के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया।
कर्मचारियों की मुख्य मांग नियमितीकरण की है
सहकारिता कर्मचारियों का कहना है कि जब तक सरकार नियमितीकरण एवं वेतनमान संबंधी उनकी विभिन्न मांगे पूरी नहीं करती, हड़ताल निरंतर जारी रहेगी। सेवा सहकारी समिति मझौली में जिले की 8 तहसीलों के सभी कर्मचारी इस हड़ताल में सामूहिक रूप से बैठे हैं।
हड़ताल की वजह से ये काम हो रहे है प्रभावित
वर्तमान समय में प्रदेश सरकार के द्वारा किसान ऋण माफी योजना का कार्य कराया जा रहा है। परंतु सहकारिता कर्मचारियों की हड़ताल के कारण यह सभी आवश्यक कार्य नहीं हो पा रहे हैं। एक ओर जहां गरीब हितग्राही जो राशन दुकान से मिलने वाले गेहूं चावल नमक एवं शक्कर से अपने परिवार का भरण पोषण करता है परंतु कर्मचारियों की हड़ताल के कारण उसे यह राशन नहीं मिल पा रहा है। दूसरी ओर सरकार के द्वारा गेहूं उपार्जन एवं चना उपार्जन का कार्य भी किया जा रहा है। इस हड़ताल के कारण वह काम ठप्प पड़ा है।
सामूहिक रूप मुंडन संस्कार करवाया कर्मचारियों ने
सामूहिक मुंडन संस्कार कार्यक्रम में अखिलेश भट्ट शाखा अध्यक्ष सुनील बाबू साहू सहायक प्रबंधक कटंगी शाखा नेक लाल पटेल विक्रेता मझौली के द्वारा मुंडन संस्कार करा कर अपनी मांगों को लेकर सरकार के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया गया।
हड़ताल में ये थे शामिल
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश सहकारिता कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष कपिल मिश्रा, प्रकाश कुशवाहा, मदन दास, नेक लाल पटेल, उमेश उपाध्याय, सुरेंद्र कुमार दुबे, अनु मिश्रा, दिलीप ठाकुर, ओंकार सिंह के साथ सैकड़ों की संख्या में समस्त सहकारिता कर्मचारी उपस्थित रहे।