दिल्ली के विवेक विहार में हादसा : बेबी केयर सेंटर में लगी भीषण आग, 6 नवजात की मौत; 5 अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में शनिवार (25 मई) रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां के न्यू बोर्न बेबी केयर सेंटर में देर रात आग लग गई। हादसे में 6 नवजात बच्चों की मौत हो गई। 5 का रेस्क्यू किया गया है, इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
दम घुटने से हुई बच्चों की मौत
फायर ऑफिसर के मुताबिक, उन्हें रात करीब 11:30 बजे आग की सूचना मिली थी। मौके पर दमकल की कुल 16 गाड़ियां पहुंचीं और डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हादसे के समय बेबी केयर सेंटर में कुल 12 नवजात बच्चे थे। इनमें से एक बच्चे की मौत पहले ही हो चुकी थी। अस्पताल के अंदर आग लगने की वजह से काफी धुआं भर गया था, जिससे अन्य 11 बच्चों की हालत गंभीर हो गई। सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक 6 बच्चों की दम घुटने से मौत हो गई। आग पास की एक रेसिडेंशियल बिल्डिंग में भी फैल गई थी।











