
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। राजधानी की सभी 70 सीटों के लिए बुधवार को सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। इस दौरान दिल्ली के 1.56 करोड़ वोटर्स शाम 6 बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इसके लिए करीब 13 हजार पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इस चुनाव में 699 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के साथ-साथ दो राज्यों की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है। तमिलनाडु की ईरोड और उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर भी मतदान सुबह 7 बजे से चल रहा है।
दिल्ली में दोपहर 3 बजे तक 46.55% वोटिंग
देश की राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। चुनाव आयोग के मुताबिक दोपहर 3 बजे तक 46.4 फीसदी मतदान हुआ।
केजरीवाल का आरोप- बूथ एजेंट के रिलीवर को नहीं जाने दे रहे
दिल्ली चुनाव के बीच AAP चीफ अरविंद केजरीवाल ने बड़ा आरोप लगाया है। राघव चड्ढा के ट्वीट को शेयर करते हुए उन्होंने कहा, ‘ये तो हद हो गई। रिलीवर को कैसे अंदर नहीं जाने दोगे? अंदर वाले बूथ एजेंट को अगर टॉयलेट जाना है तो क्या उसे बंदी बनाकर रखोगे? उसकी जगह रिलीवर तो जाएगा। ये तो human rights violation है। आप बूथ एजेंट्स को बंदी बनाकर कैसे रख सकते हो?’
फ्लाइंग किस देने के आरोप में FIR
वोटिंग के दौरान AAP के 2 विधायकों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। दिनेश मोहनिया के खिलाफ एक महिला ने फ्लाइंग किस देने का केस दर्ज कराया। ओखला विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है।
सीलमपुर और जंगपुरा में बवाल
दिल्ली में वोटिंग के बीच सीलमपुर और जंगपुरा में बवाल हो गया है। जंगपुरा से आम आदमी पार्टी (AAP) प्रत्याशी मनीष सिसोदिया ने एक बिल्डिंग में बीजेपी कार्यकर्ताओं पर पैसे बांटने का आरोप लगाया है। सिसोदिया यहां पुलिस से बहस करते हुए भी नजर आए। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने सीलमपुर में फर्जी वोटिंग होने का दावा किया है। बीजेपी का आरोप है कि कुछ महिलाओं ने बुर्के में फर्जी वोटिंग की है।
दिल्ली में 1 बजे तक 33.31% वोटिंग
सोनिया और प्रियंका ने किया मतदान
कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी अपने पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे रेहान वाड्रा के साथ दिल्ली के लोधी-एस्टेट में स्थित मतदान केंद्र पहुंचीं और वोट डाला। वहीं कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने भी दिल्ली चुनाव में वोटिंग की है।
दिल्ली में 11 बजे तक 19.95 प्रतिशत मतदान
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए बुधवार 7 सात बजे से मतदान जारी है और शाम 6 बजे तक मतदान होगा। राजधानी के मतदाताओं में नई सरकार बनाने को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। सुबह 11 बजे तक औसतन 19.95 प्रतिशत मतदान हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी में सुबह से शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हो रहा है। कहीं से किसी तरह की अप्रिय घटना की रिपोर्ट अभी तक सामने नहीं आई है।
इन्होंने भी किया मतदान
- उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने लाइन में लगकर वोट डाला।
- कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने निजामुद्दीन ईस्ट स्थित पोलिंग बूथ पर वोट डाला।
- पूर्व केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन ने परिवार के साथ वोट डाला
- कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी अपने पति और बेटे के साथ वोट डालने पहुंची।
परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे अरविंद केजरीवाल
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल और माता-पिता गोबिंद राम केजरीवाल और गीता देवी के साथ लेडी इरविन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वोट डालने पहुंचे। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से अरविंद केजरीवाल का मुकाबला कांग्रेस के संदीप दीक्षित और भाजपा के प्रवेश वर्मा से है।
दिल्ली में 9 बजे तक 8.10 फीसदी मतदान
सीएम आतिशी ने डाला वोट, कहा- काम और सच्चाई की होगी जीत
दिल्ली की सीएम और कालकाजी विधानसभा सीट से AAP उम्मीदवार आतिशी ने कालकाजी के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उन्होंने कहा, ‘धर्म युद्ध में भगवान हमारे साथ हैं। धर्म युद्ध में काम और सच्चाई की जीत होगी। इस चुनाव में बीजेपी और दिल्ली पुलिस ने गुंडागर्दी की है। चुनाव में दिल्ली पुलिस ने बीजेपी की मदद की है।’
राष्ट्रपति ने डाला वोट
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय में अपना वोट डाला।
मनीष सिसोदिया ने किया मतदान
आम आदमी पार्टी नेता और जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रत्याशी मनीष सिसोदिया ने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के लेडी इरविन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बने मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उनकी पत्नी सीमा सिसोदिया ने भी इस पोलिंग बूथ पर ही मतदान किया।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने डाला वोट
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी अपनी पत्नी के साथ वोट डालने पहुंचे। उन्होंने आनंद निकेतन में माउंट कार्मेल स्कूल में बने मतदान केंद्र पर वोट डाला।
एस जयशंकर, हरदीप सिंह पुरी ने डाला वोट
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और उनकी पत्नी क्योको जयशंकर ने एनडीएमसी स्कूल ऑफ साइंस एंड ह्यूमैनिटीज तुगलक क्रिसेंट में स्थापित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोरा ने अपनी पत्नी के साथ मोतीबाग के पोलिंग स्टेशन पर वोट डाला। बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने जनपथ स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया।
राहुल गांधी ने किया मतदान
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के सीनियर लीडर राहुल गांधी वोट डालने के लिए निर्माण भवन पोलिंग स्टेशन पर पहुंचे और उन्होंने यहां अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए वोट डाला।
पीएम बोले- पहले मतदान, फिर जलपान!
पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के मतदाताओं से आग्रह किया कि वे अपना मूल्यवान वोट अवश्य डालें। ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा- ‘दिल्ली विधानसभा चुनाव में आज सभी सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। यहां के मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लें और अपना कीमती वोट जरूर डालें। इस अवसर पर पहली बार वोट देने जा रहे सभी युवा साथियों को मेरी विशेष शुभकामनाएं। याद रखना है- पहले मतदान, फिर जलपान!’
2020 में दिल्ली में 62.59 % मतदान हुआ
दिल्ली में 2020 के विधानसभा चुनाव में 62.59 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में केवल 56 प्रतिशत मतदाताओं ने हिस्सा लिया था।
AAP और कांग्रेस सभी सीटों पर आमने-सामने
आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस सभी 70 सीटों पर आमने-सामने हैं। वहीं, कम्युनिस्ट पार्टियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है, जिसमें कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI) ने 6 सीटों पर, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया-मार्कसिस्ट (CPM) और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया-मार्कसिस्ट लेनेनिस्ट (CPI-ML) ने 2-2 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। भाजपा ने 68 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं और सहयोगी दलों जनता दल-यूनाइटेड (JDU) और लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास (LJP-R) को 2 सीटें दी हैं। जेडीयू बुराड़ी और एलजेपी-रामविलास देवली सीट से चुनाव लड़ रही हैं।
30 सीटों पर NCP लड़ रही चुनाव
महाराष्ट्र में भाजपा की सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने भी दिल्ली चुनाव में 30 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने सभी सीटों पर भाजपा का समर्थन किया है। इसके अलावा, बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने 70 और असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तिहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने 12 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं।
1.56 करोड़ से अधिक मतदाता चुनेंगे सरकार
चुनाव प्रचार के दौरान आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच तीखी बयानबाजी और लोक-लुभावन वादों की होड़ देखने को मिली। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इस बार दिल्ली में 1.56 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 83,76,173 पुरुष, 72,36,560 महिलाएं और 1,267 उभयलिंगी मतदाता शामिल हैं। 18-19 वर्ष के 2,39,905 युवा पहली बार वोट डालेंगे, जबकि 85 वर्ष से अधिक उम्र के 1,09,368 वरिष्ठ नागरिक और 100 वर्ष से अधिक उम्र के 783 मतदाता भी लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेंगे।
चुनाव सुरक्षा और व्यवस्थाएं
- चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
- 13,766 मतदान केंद्र और 2,696 मतदान स्थल बनाए गए हैं।
- 97,955 कर्मचारी और 8,715 स्वयंसेवक तैनात किए गए हैं।
- सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ की 220 कंपनियां, 19,000 होमगार्ड जवान, और 35,626 दिल्ली पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे।
- पिछले 24 घंटों में सुरक्षा के तहत 340 गिरफ्तारियां हुईं और 1.10 लाख लीटर से अधिक शराब जब्त की गई।