ताजा खबरराष्ट्रीय

संजय सिंह का चौंकाने वाला दावा : कहा- BJP ने किया है शराब घोटाला, AAP के खिलाफ बयान देने वाला मंगूटा रेड्डी अब NDA से लड़ रहा चुनाव

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके शराब घोटाले के पीछे भाजपा का हाथ बताया। तिहाड़ जेल से बाहर आने के बाद शुक्रवार (5 अप्रैल) को पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को साजिश के तहत गिरफ्तार किया गया है। सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद संजय सिंह बुधवार शाम (3 अप्रैल) तिहाड़ जेल से रिहा हुए। वे छह महीने से जेल में बंद थे।

7वें बयान में साजिश का हिस्सा बने राघव मगुंटा

संजय सिंह ने कहा, जांच एजेंसी ED ने TDP सांसद मगुंटा रेड्डी और उनके पिता राघव रेड्डी पर दबाव डालकर केजरीवाल के खिलाफ बयान दिलवाया है। मगुंटा रेड्डी ने तीन बयान दिए, उसके बेटे राघव एम रेड्डी ने ईडी को सात बयान दिए। वे अपने पारिवारिक ट्रस्ट के लिए जमीन के लिए सीएम केजरीवाल से मिले थे। 16 सितंबर 2022, वाईएसआर सांसद रेड्डी के घर पर छापा मारा गया था। जब उन्होंने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बयान नहीं दिया तो उनके बेटे राघव एम रेड्डी को फरवरी 2023 में गिरफ्तार कर लिया। 5 महीने जेल में रखने के बाद उनके पिता ने अपना बयान बदल दिया और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बयान दिया।

राघव मगुंटा के 10 फरवरी से 16 जुलाई तक 7 बयान लिए गए। इनमें से 6 बयानों में उन्होंने केजरीवाल के खिलाफ कुछ नहीं कहा, लेकिन 16 जुलाई को 7वें बयान में वे साजिश का हिस्सा बन गए। 5 महीने की प्रताड़ना के बाद वे अपना बयान बदल कर अरविंद केजरीवाल के खिलाफ खड़े हो गए।

आरोपी के साथ क्या कर रहे पीएम मोदी

मगुंटा रेड्डी अब प्रधानमंत्री की तस्वीर लगाकर चुनाव लड़ रहे हैं। दरअसल, आंध्र प्रदेश में तेलगु देशम पार्टी (TDP), NDA की सहयोगी पार्टी है। संजय सिंह ने पीएम मोदी के साथ मगुंटा रेड्डी की तस्वीर दिखाते हुए सवाल किया कि वह आदमी जिसे शराब घोटाले का आरोपी बनाया गया है, पीएम मोदी उसके साथ क्या कर रहे हैं। रेड्डी वोट मांगने के लिए पीएम मोदी की तस्वीर का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह आंध्र प्रदेश में टीडीपी उम्मीदवार है।

4 अक्टूबर को हुए गिरफ्तार, 3 अप्रैल को रिहा

मनी लॉन्ड्रिंग केस में 10 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद संजय सिंह को 4 अक्टूबर 2023 को गिरफ्तार किया गया था। इसी साल जनवरी में ED ने अपनी चार्जशीट में संजय सिंह का नाम जोड़ा था। ED की चार्जशीट में संजय सिंह पर 82 लाख रुपए का चंदा लेने का जिक्र है।

संजय सिंह ने मई 2023 में दावा किया था कि, ED ने उनका नाम गलती से जोड़ दिया है। इस पर ED ने कहा था कि, हमारी चार्जशीट में संजय सिंह का नाम चार जगह लिखा गया है। इनमें से सिर्फ एक जगह टाइपिंग की गलती हो गई थी, तीन जगह नाम सही लिखा गया है।

सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार (2 अप्रैल) को उन्हें दिल्ली शराब नीति केस में जमानत दी थी। 6 महीने बाद वे 3 अप्रैल की शाम को जेल से रिहा हुए।

संजय सिंह पर क्या है आरोप

इसी साल जनवरी में ED ने अपनी चार्जशीट में संजय सिंह का नाम जोड़ा था। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपनी चार्जशीट में आरोप लगाया था कि, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से शराब घोटाले के आरोपी व्यवसायी दिनेश अरोड़ा ने उनके आवास पर मुलाकात की थी। इस बैठक में संजय सिंह भी मौजूद थे।

दिनेश अरोड़ा ने ईडी के सामने बयान दिया था। जिसके मुताबिक, वह एक कार्यक्रम में सबसे पहले संजय सिंह से मिला था। इसके बाद मनीष सिसोदिया के संपर्क में आया था। बताया जा रहा है कि, यह दिल्ली चुनाव से पहले AAP नेता द्वारा आयोजित एक फंड जुटाने का कार्यक्रम था। ED की चार्जशीट में संजय सिंह पर 82 लाख रुपए का चंदा लेने का जिक्र है।

21 मार्च को गिरफ्तार हुए थे केजरीवाल

ईडी ने लगभग दो घंटे की पूछताछ के बाद अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च को उनके आधिकारिक आवास से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें शुक्रवार (22 मार्च) को राऊज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया। इस समय केजरीवाल तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में हैं।

AAP सरकार पर लगे हैं ये आरोप

केंद्रीय जांच एजेंसी इस मामले में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आरोप है कि दिल्ली सरकार की 2021-22 की आबकारी नीति में शराब कारोबारियों को लाइसेंस देने के लिए कुछ डीलरों को फायदा पहुंचाया गया, जिन्होंने कथित तौर पर इसके लिए रिश्वत दी थी।

हालांकि, आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस आरोप को खारिज किया था। यह नीति बाद में वापस ले ली गई थी। सीबीआई के एक प्रवक्ता ने 17 अगस्त 2022 को प्राथमिकी दर्ज होने के बाद कहा था कि यह आरोप लगाया गया है कि आबकारी नीति में संशोधन, लाइसेंसधारियों को अनुचित लाभ देना, लाइसेंस शुल्क में छूट/कमी, अनुमोदन के बिना एल-1 लाइसेंस का विस्तार आदि सहित अनियमितताएं की गईं।

ये भी पढ़ें- केजरीवाल की भगत सिंह-अंबेडकर के साथ तस्वीर पर विवाद : शहीद के पोते ने उठाए सवाल, BJP ने बताया अफसोसजनक; आतिशी बोलीं- दिल्ली CM संघर्ष के प्रतीक

संबंधित खबरें...

Back to top button