दमोह में Tourism Quiz-2026 का रोमांच, 141 टीमों ने आजमाया ज्ञान; जबेरा की सांदीपनि विद्यालय टीम बनी विजेता

दमोह। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की ओर से आयोजित पर्यटन क्विज-2026 का जिला स्तरीय आयोजन शुक्रवार को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में हुआ। प्रतियोगिता में जिले के सभी विकासखंडों के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के शासकीय और अशासकीय स्कूलों की 141 टीमों ने हिस्सा लिया। क्विज में विद्यार्थियों ने मध्यप्रदेश की पर्यटन, संस्कृति, इतिहास और प्राकृतिक विरासत से जुड़े सवालों के जवाब दिए।
141 टीमों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में प्रत्येक स्कूल से तीन विद्यार्थियों की टीम ने भाग लिया। क्विज का उद्देश्य विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश की समृद्ध पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना और इसके प्रति रुचि बढ़ाना था। क्विज में प्रदेश की प्राकृतिक और भौगोलिक विशेषताओं, जल संरचनाओं, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थलों, संस्कृति, स्मारकों और संग्रहालयों से जुड़े सवाल पूछे गए।

किले से लेकर नेशनल पार्क तक पूछे सवाल
प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के मेलों, शिल्प एवं हस्तशिल्प, चित्रकला, राष्ट्रीय उद्यानों और अभयारण्यों से जुड़े प्रश्न भी शामिल रहे। इसके अलावा प्रदेश में फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग तथा मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों से संबंधित सवाल पूछे गए।
खास बात यह रही कि दमोह जिले की हटा तहसील स्थित ऐतिहासिक किले से जुड़ा सवाल भी क्विज में शामिल किया गया। इससे स्थानीय ऐतिहासिक विरासत को भी प्रतियोगिता में विशेष महत्व मिला।
ऑडियो-विजुअल राउंड में हुआ फैसला
प्रतियोगिता के दूसरे चरण में ऑडियो-विजुअल राउंड आयोजित किया गया। इस राउंड के बाद सांदीपनि विद्यालय जबेरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।
ये रहीं टॉप-6 टीमें
प्रथम: सांदीपनि विद्यालय, जबेरा
द्वितीय: महर्षि विद्या मंदिर, दमोह
तृतीय: उत्कृष्ट विद्यालय, जबेरा
चतुर्थ: सांदीपनि विद्यालय, दमोह
पंचम: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रनेह
षष्ठम: सांदीपनि विद्यालय, हटा
विजेता टीमों को मिलेगा शैक्षणिक टूर
पर्यटन क्विज में शीर्ष छह स्थान हासिल करने वाली टीमों को मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की ओर से शैक्षणिक पर्यटन भ्रमण का अवसर दिया जाएगा। विद्यार्थियों को प्रदेश में 500 किलोमीटर तक तीन दिन-दो रात या दो दिन-एक रात के पर्यटन भ्रमण पर ले जाया जाएगा।

मेडल और प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित
समापन समारोह में लोक शिक्षण संचालनालय के अपर संचालक अनुराग जायसवाल, डिप्टी कलेक्टर, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के प्राचार्य, डीपीसी, प्राचार्य रमेश व्यास और मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के आशीष मिश्रा सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता विद्यार्थियों को मेडल, प्रमाण-पत्र और उपहार कूपन देकर सम्मानित किया।
छात्रों में बढ़ी पर्यटन विरासत को जानने की रुचि
जिला स्तरीय पर्यटन क्विज के जरिए विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश की प्राकृतिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिला। प्रतियोगिता ने छात्रों में प्रदेश के पर्यटन स्थलों और समृद्ध विरासत के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।












