
एम्स दिल्ली के सर्वर पर साइबर अटैक के बाद अब केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय का ट्वीटर हैंडल हैक हो गया है। सिक्योरिटी एजेंसी और साइबर एक्सपर्ट इस मामले की जांच कर रहे हैं। हैकर्स ने गुरुवार सुबह केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय का ट्विटर हैंडल हैक कर लिया था, अकाउंट को बहाल कर दिया गया है। इससे पहले 23 नवंबर को दिल्ली एम्स के सर्वर पर साइबर अटैक हो गया था।
संदिग्ध ट्वीट्स को हटाया गया
हैकर्स द्वारा मंत्रालय के हैंडल से किए गए ट्वीट में कई अज्ञात अकाउंट्स को भी टैग किया गया था। इसी पैटर्न में बाकी सारे ट्वीट भी किए गए थे। हालांकि, कुछ ही समय बाद अकाउंट को बहाल कर दिया गया और संदिग्ध ट्वीट्स को हटा दिया गया। अभी तक किसी हैकर ग्रुप ने हैकिंग की जिम्मेदारी नहीं ली है।
पाकिस्तानी अकाउंट्स को भी किया टैग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हैकर्स ने स्वच्छ भारत और अन्य मंत्रालयों को टैग करते हुए कई सारे ट्वीट किए। ट्वीट्स में कुछ बॉट अकाउंट्स और कुछ रियल अकाउंट्स को भी टैग किया गया था। हैकर्स ने 80 से ज्यादा ट्वीट किए थे। इनमें से कुछ ट्वीट्स में पाकिस्तानी अकाउंट्स को भी टैग किया गया और क्रिप्टो-आधारित ट्विटर अकाउंट भी लिंक किए गए।
दिल्ली एम्स के सर्वर पर साइबर अटैक
एम्स का सर्वर 23 नवंबर की सुबह 7 बजे से डाउन हुआ था। 24 घंटे बाद भी सर्वर ठीक नहीं हो पाने के बाद एम्स के अफसरों ने दिल्ली पुलिस से संपर्क किया था। अकाउंट को बाद में रिकवर कर लिया गया था। इस मामले को दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटजिक ऑपरेशन (IFSO) यूनिट को सौंप दिया गया था।
दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस इकाई ने 25 नवंबर को जबरन वसूली और साइबर आतंकवाद का मामला दर्ज किया था।