ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

Damoh News : जागेश्वरनाथ धाम में बसंत पंचमी पर श्रद्धालुओं का सैलाब, भीड़ में धक्का-मुक्की से 5 महिलाएं घायल

दमोह। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर दमोह के बांदकपुर स्थित जागेश्वरनाथ धाम में हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जल अर्पण के लिए उमड़ पड़े। आज सुबह से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा।

सुबह करीब 8 बजे के करीब मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते धक्का-मुक्की की घटना हुई, जिसमें 5 महिलाएं घायल हो गईं। सभी को प्राथमिक उपचार के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया।

महिलाओं को ऑब्जर्वेशन में रखा

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. राकेश राय ने बताया कि घायलों की हालत सामान्य है। 45 वर्षीय केराबाई लोधी ने सीने में दर्द की शिकायत की थी, लेकिन परीक्षण में सब कुछ सामान्य पाया गया। अब वे स्वस्थ हैं। अन्य तीन महिलाओं को ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।

जल अर्पण का सिलसिला जारी

मंदिर में सुबह भगवान भोलेनाथ की भव्य आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के द्वार खोल दिए गए। हजारों भक्त नर्मदा और गंगा का पवित्र जल चढ़ाकर भोलेनाथ का आशीर्वाद ले रहे हैं। दमोह लोकसभा क्षेत्र के सांसद राहुल सिंह लोधी ने भी अपनी 8वीं पदयात्रा पूरी कर भगवान शिव को नर्मदा जल चढ़ाया। उनकी पत्नी ने भी भोलेनाथ के चरणों में जल अर्पित किया।

श्रद्धालुओं का जोश और आस्था

जिला प्रशासन ने अनुमान लगाया है कि बसंत पंचमी के दिन लगभग एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना है। भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष मार्ग निर्धारित किए गए हैं। पुलिस प्रशासन, मंदिर ट्रस्ट और जिला प्रशासन मिलकर भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रख रहे हैं। अब तक 50,000 से अधिक श्रद्धालु मंदिर पहुंच चुके हैं। दोपहर में भीड़ कुछ कम रही, लेकिन शाम को भोलेनाथ की आरती और लगन उत्सव के दौरान भीड़ के एक बार फिर बढ़ने की संभावना है।

संबंधित खबरें...

Back to top button