अंतर्राष्ट्रीय

ईद पर अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने दी बधाई, लेकिन दुनिया भर के मुसलमानों को लेकर कही ये बात

देश-दुनिया में आज ईद मनाई जा रही है। इस अवसर पर यूएस में व्हाइट हाउस में एक समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने मुसलमानों को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में मुसलमान हिंसा का शिकार हो रहे हैं। मुसलमान हर दिन अमेरिका को मजबूत बना रहे हैं। इसके बावजूद वह चुनौतियों और कई तरह के खतरों का सामना करते हैं।

बाइडेन ने कही ये बात

बाइडेन ने कहा अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता के लिए राजदूत-एट-लार्ज के रूप में उन्होंने पहले मुस्लिम को नियुक्ति दी है। इस दौरान बाइडन ने कहा, आज के दिन हम उन सभी लोगों को याद करें जो इस दिन को मना नहीं सकते। इनमें उइगर और रोहिंग्या और वे सभी शामिल हैं जो अकाल, हिंसा, संघर्ष और बीमारी का सामना कर रहे हैं।

दुनिया भर में हम देख रहे हैं कि बहुत से मुसलमानों को हिंसा का निशाना बनाया जा रहा है। किसी को भी उनके धार्मिक आस्थाओं के लिए प्रताड़ित नहीं किया जाना चाहिए।

बाइडेन- अभी बहुत काम करना बाकी

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, छह साल में पहली बार यमन के लोगों को शांति से ईद मनाने की अनुमति दी गई है। लेकिन, यहां और पूरी दुनिया में अभी बहुत काम किया जाना बाकी है। उन्होंने कहा, मुसलमान अभी भी हमारे समाज में वास्तविक चुनौतियों और खतरों का सामना कर रहे हैं, जिसमें लक्षित हिंसा और इस्लामोफोबिया भी शामिल है।

ये भी पढ़ें- Russia-Ukraine War: यूक्रेन की मदद के लिए आगे आ रहे कई यूरोपीय देश, एंजेलीना जोली ने विस्थापित बच्चों से की मुलाकात

एक विचार के तौर पर संगठित हुए हैं हम

बाइडेन ने कहा कि हम दुनिया के पूरे इतिहास में एकमात्र राष्ट्र हैं जो किसी धर्म, नस्ल, जातीयता, भूगोल के आधार पर नहीं, बल्कि एक विचार के आधार पर संगठित हुए हैं।

कमला हैरिस ने दी ईद की बधाई

कार्यक्रम के बाद बाइडेन ने एक ट्वीट किया, ‘जिल और मुझे आज रात व्हाइट हाउस में ईद-उल-फितर के स्वागत समारोह की मेजबानी करने के लिए सम्मानित किया गया। दुनिया भर में जश्न मनाने वाले सभी लोगों को शुभकामनाएं। ईद मुबारक।’

इस बीच, अमेरिका की उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने भी लोगों को ईद की शुभकामनाएं दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘डगलस और मैं ईद-उल-फितर मनाने वाले सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। ईद मुबारक।’’

अन्य अंतर्राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button