कोरोना वाइरसराष्ट्रीयस्वास्थ्य

Covid-19 Update : 24 घंटे में मिले कोरोना के 121 नए केस, दिल्ली में 1 की मौत; XBB.1.5 वैरिएंट के मामलों में हुई बढ़ोतरी

नई दिल्ली। दुनियाभर में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के बीच भारत में इसके नए मामलों की संख्या में कमी देखने को मिल रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना के 121 मामले दर्ज किए गए हैं। सोमवार को इनकी संख्या 170 थी, यानी 49 मामले कम आए हैं। वहीं दिल्ली में कोरोना से 1 मरीज की मौत हो गई।

रिकवरी रेट 98.80 प्रतिशत

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, 24 घंटों में एक्टिव केस की संख्या 52 मामलों की कमी दर्ज की गई है। अब एक्टिव केस घटकर 2,319 रह गए हैं। इसके अलावा रिकवरी रेट 98.80% है। मंगलवार सुबह 8 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 4.46 करोड़ (4,46,80,215) दर्ज की गई है। 10 जनवरी तक संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 5,30,722 हो गई है।

पॉजिटिविटी रेट में गिरावट

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, डेली पॉजिटिविटी रेट 0.07 प्रतिशत हो गई है, जबकि वीकली पॉजिटिविटी रेट 0.11 प्रतिशत दर्ज की गई है। कुल संक्रमितों की तुलना में सिर्फ 0.01 प्रतिशत मरीजों का इलाज चल रहा है। बीते 24 घंटे में 172 लोग ठीक हुए। अब तक कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,41,47,174 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है।

वैक्सीन के 220 करोड़ डोज लगे

जनवरी 2021 से शुरू हुए वैक्सीनेशन के बाद अब तक देश में वैक्सीन की 220.14 करोड़ डोज (95.15 करोड़ दूसरी खुराक और 22.43 करोड़ एहतियाती खुराक) दी जा चुकी हैं। बूस्टर डोज का अभियान भी लगातार चल रहा है। भारत में 7 अगस्त 2020 को कोविड-19 के मामलों की संख्या 20 लाख के पार हो गई थी और 16 सितंबर को 50 लाख के पार हो गई थी। कोविड-19 के मामलों की संख्या 25 जनवरी 2022 को चार करोड़ के पार चली गई थी।

भारत में XBB.1.5 का नया केस मिला

भारत के उत्तराखंड में XBB.1.5 वैरिएंट का एक केस मिला है। देश में अब इस वैरिएंट के कुल मामलों की संख्या 8 हो गई है। इसके पहले 3 केस गुजरात में और एक-एक कर्नाटक, तेलंगाना, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में मिल चुके हैं।

चौथी लहर की भारत में दस्तक!

देश में कोरोना की नई लहर की आशंका के बीच विदेश से आए यात्रियों में ओमिक्रॉन के एक, दो नहीं बल्कि 11 सब-वैरिएंट मिले हैं। 24 दिसंबर से 3 जनवरी तक एयरपोर्ट और समुद्र के रास्ते भारत आए यात्रियों की कोरोना टेस्टिंग की गई थी। इनमें पॉजिटिव मिले यात्रियों में 11 वैरिएंट मिले हैं। इसी बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने ओमिक्रॉन के XBB.1.5 वैरिएंट को लेकर चेतावनी जारी की है।

कोरोना की कई लहर लाएगा ये वैरिएंट!

विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी WHO ने XBB.1.5 वैरिएंट को लेकर चेतावनी जारी करते हुए बताया कि, यह वैरिएंट तेजी से फैल रहा है और पुराने वैरिएंट्स को रिप्लेस कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह वैरिएंट 29 देशों में मिल चुका है। इससे दुनिया में कोरोना की कई लहर आने का खतरा बढ़ गया है।

कोरोना का ‘सुपर वैरिएंट’ है XBB.1.5

BA.2.75 और BJ.1 से मिलकर XBB बना है। अब इससे म्यूटेट होकर XBB.1 और XBB.1.5 बने हैं। XBB.1.5 कोरोना का ‘सुपर वैरिएंट’ है। BQ.1 जितने लोगों को 26 दिन में संक्रमित कर रहा था XBB.1.5 उतने लोगों को 17 दिन के भीतर संक्रमित कर रहा है। इसके चलते लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की दर लगातार बढ़ रही है। एक स्टडी के मुताबिक, यह पहले के तमाम वैरिएंट्स के मुकाबले तेजी से इंसान के इम्यून सिस्टम को चकमा देने माहिर है।

येे भी पढ़ें- Covid-19 Update : 24 घंटे में कोरोना के नए मामलों में हुआ इजाफा, जानें पॉजिटिविटी रेट और मृत्यु दर

6 देशों से आने वाले यात्रियों के लिए RT-PCR जरूरी

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट कर लिखा- 1 जनवरी 2023 से चीन, हांगकांग, जापान, साउथ कोरिया, सिंगापुर और थाईलैंड से आने वाले यात्रियों के लिए RTPCR टेस्ट अनिवार्य कर दिया गया है। यात्रा से पहले उन्हें अपनी रिपोर्ट एयर सुविधा पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।

स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button