ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

मजदूरों और किसानों को साधने सालभर चलेगा संपर्क अभियान

नाराजगी दूर करने डैमेज कंट्रोल : पंच परिवर्तन के सहारे विश्वास बहाली करेंगे किसान संघ और भामसं

विजय एस. गौर-भोपाल। मध्यप्रदेश में मजदूरों और किसानों में बढ़ती निराशा और नाराजगी को दूर करके फिर से एकता के सूत्र में पिरोने के लिए भामसं (भारतीय मजदूर संघ) और भाकिसं (भारतीय किसान संघ) अलग- अलग सालभर संपर्क अभियान चलाएंगे। इसमें पंच परिवर्तन के पांच कार्यक्रमों के माध्यम से श्रमिक बस्तियों और गांवों के घर- घर पहुंचा जाएगा।

दरअसल, भाजपा की सरकार बनवाने में सर्वाधिक अहम रोल निभाने वाले किसान और मजूदरों के बीच नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसके डैमेज कंट्रोल के लिए भारतीय मजदूर संघ की स्थापना के 70 वर्ष पूर्ण होने पर 23 जुलाई से शुरू हुआ संपर्क अभियान जुलाई 2025 तक चलेगा। इसके तहत मजदूर बस्तियों में जाकर घर-घर संपर्क होकर समरसता कार्यक्रम होंगे।

अभियान में ये होगा

मजदूर बस्तियों की समस्याओं का निराकरण करवाया जाएगा। जॉब गारंटी को लागू करवाने पर भी बात होगी। भारतीय किसान संघ के चुनाव 12 सितंबर को होकर नए अध्यक्ष का निर्वाचन हो जाएगा। इससे पंच परिवर्तन से जुडे कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे।

जानें पंच परिवर्तन अभियान को

  • कुटुंब प्रबोधन : परिवारों को भारतीय संस्कृति से जोड़ने की पहल।
  • पर्यावरण: पौधरोपण सहित पर्यावरण सरंक्षण के कार्यक्रम।
  • सामाजिक समरसता: जातिभेद मिटाकर हिंदुत्व के सूत्र में पिरोना।
  • स्वदेशी: विदेशी सामग्री का बहिष्कार करके स्वदेशी को बढ़ावा।
  • नागरिक अनुशासन: अधिकारों की मांग से पहले कर्त्तव्य पालन।

इसलिए नाराज हैं किसान

मौसम परिवर्तन से दो साल से फसलें खराब हो रही हैं। खाद और बीज की समस्या को लेकर भी किसानों के प्रदर्शन जारी हैं, जिससे मालवाचंल, बुंदेलखंड और विंध्य में पुलिस प्रशासन से झड़पें हुई हैं।

मजदूरों के भड़कने की वजह

मजदूरों की सालों से मांग है कि श्रम कानूनों में बदलाव हो, क्योंकि मौजूदा कानून कारखाना मालिकों के पक्ष में होने से मजदूरों की जॉब सिक्योरिटी नहीं रहती। श्रमिक कल्याण से जुड़ी तमाम योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता है, जिससे श्रमिकों के परिवार गरीबी से बाहर नहीं आ पा रहे हैं।

हर मजदूर के घर पहुंचना है

जुलाई 2025 तक चलने वाले संपर्क अभियान में मजदूरों के घरों और बस्तियों तक पहुंचना है। इससे समस्याओं के निराकरण के साथ ही उनके परिवारों की मुश्किलें भी दूर हो सकेंगी। -कृष्णप्रताप सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, भामसं

किसानों की समस्या सुलझाएंगे

नए अध्यक्ष का चुनाव होते ही प्रदेशभर में पंच परिवर्तन के तहत संपर्क अभियान शुरू हो जाएगा। इससे किसानों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही निराकरण करवाने की योजना है। -महेश चौधरी, संगठन महामंत्री, भाकिसं

संबंधित खबरें...

Back to top button