
इंदौर। जिला जेल आजाद नगर में एक बदमाश को पेशी पर लेकर आए सिपाही और उपनिरीक्षक का आपस में विवाद हो गया। विवाद जिला कोर्ट परिसर में कोर्ट रूम के अंदर ही होने की बात सामने आई। दोनों पुलिसकर्मी के विवाद के बाद सिपाही कोर्ट परिसर से चल गया। वहीं मौजूद लोगों द्वारा यह जानकारी दी गई कि सिपाही नशे में था और कोर्ट परिसर में हुए विवाद के बाद सिपाही वहां से रवाना हो गया। वहीं पूरी घटना की जानकारी आरआई को दी गई, वह जांच के बाद सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की बात कह रहे हैं।
दोनों की बीच हुई हाथापाई
जानकारी के अनुसार, चंदन नगर के आदतन अपराधी इम्मू उर्फ इमरान जिला जेल में लंबे समय से बंद है। बुधवार को जिला कोर्ट में एक उपनिरीक्षक और सिपाही उसको पेशी पर लेकर आए थे। जहां पर ईम्मू उर्फ इमरान की पेशी के दौरान उसकी मुलाकात कोर्ट कमरे के बाहर उसके परिजनों से करवाई गई। इस दौरान उपनिरीक्षक प्रभु लाल और सिपाही अभिषेक बैरागी का विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई की भी जानकारी सामने आ रही है।
नशे में था सिपाही
कोर्ट में मौजूद लोगों की माने तो सिपाही अभिषेक बैरागी काफी नशे में था। कई बार आरोपियों को जब भी वह पेशी पर लेकर आता है तो अपने स्टाफ के साथ विवाद करता है। उपनिरीक्षक प्रभु लाल द्वारा ईम्मू उर्फ इमरान को बिना कारण परिजनों से मिलवाने से मना किया गया। जहां पर दोनों का विवाद हो गया, जिसके बाद जानकारी आरआई दीपक पाटिल को लगी। दोनों के बयानों के बाद आगे की जांच की बात कही जा रही है।
बदमाश का भी वीडियो हुआ था वायरल
इम्मू उर्फ इमरान चंदन नगर का बड़ा शातिर बदमाश है। अगस्त माह में आरोपी का आजाद नगर जिला जेल के अंदर से एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें वह कुछ व्यापारियों को धमकाते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद जेल शासन द्वारा जांच की बात भी की गई थी।
(इनपुट – हेमंत नागले)
ये भी पढ़ें – इंदौर : जेल में मुलाकात का वीडियो बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार, व्यापारी को नशे की गोलियों के लिए दे रहा था धमकी
ये भी पढ़ें – Indore News : जेल में मुलाकात का VIDEO वायरल, नशे की गोली नहीं देने पर व्यापारी को धमकाने की बात आई सामने