
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी सोमवार 13 मार्च को राजभवन का घेराव करेगी। इससे पहले पार्टी विशाल मार्च निकालेगी। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, कांग्रेस के प्रभारी महासचिव, पूर्व सांसद जेपी. अग्रवाल के साथ ही कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटेंगे।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि 13 मार्च की दोपहर 12 बजे बड़ी संख्या में प्रदेश भर के वरिष्ठ नेता, विधायक और कांग्रेसजन जवाहर चौक पर इकट्ठे होंगे। इसके बाद यह पैदल मार्च करते हुए राजभवन के घेराव के लिए निकलेंगे।
राजीव ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने उद्योगपति गौतम अडाणी के लिए क्रोनी कैपिटलिज्म की नीति अपनाई, जिससे देश में आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। गरीब और मध्यम वर्ग की बचत जोखिम में है। देश में बेहताशा बढ़ती हुई महंगाई, प्रदेश में व्याप्त बेरोजगारी, तनावग्रस्त किसान, अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग और महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, रेप, गैंगरेप और उसके बाद उनकी निर्मम हत्याओं, ध्वस्त कानून व्यवस्था, लूट, डकैती सहित भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण आमजन परेशान हैं। भाजपा और संघ विचारधारा संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग और उनकी छवि धूमिल करने पर आमादा है। इसके विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर यह घेराव और विशाल मार्च आयोजित किया जा रहा है। इसमें सभी जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों और सभी जिला/ शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ शामिल होंगे।