
भोपाल। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेताओं की अश्लील सीडी का मुद्दा बुधवार को भी छाया रहा। मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस विधायक डॉ. गोविंद ने कहा कि मेरे पास सीडी है, लेकिन इसे सार्वजनिक नहीं करूंगा। कल वीडी शर्मा ने कहा था कि अगर गोविंद सिंह की औकात है तो वे सीडी सार्वजनिक कर दें। नेता प्रतिपक्ष ने कहा- भाजपा को लगता है कि मैं ब्लैकमेल कर रहा हूं तो केस दर्ज करा दें। मैं न्यायालय में गोपनीय तरीके से सीडी पेश कर दूंगा।
हर्ष फायर अपराध नहीं, यह हमारी परंपरा
डॉ. गोविंद सिंह कांग्रेस विधायक सुनील सराफ पर हर्ष फायर कराने पर भी तल्ख दिखे। उन्होंने कहा- क्या संघ के कार्यकर्ताओं द्वारा बंदूक का प्रदर्शन करना, लट्ठ चलाकर प्रदर्शित करना अपराध नहीं है। सिंह यहीं नहीं रुके, कहा- हमारे यहां ये परंपरा है। भारत में हर्ष फायर करना परंपरा है। किसी के घर पुत्र होता है तो खुशहाली में फायर करते हैं। ये अपराध की श्रेणी में नहीं आता है।
#BJP_नेताओं की सीडी न्यायालय में गोपनीय तरीके से प्रस्तुत कर सकता हूं। मेरी कोई औकात और हैसियत नहीं है। मैं @vdsharmabjp को घर पर आमंत्रित करता हूं। वे मेरे घर आएं, मैं उन्हें सीडी दिखा दूंगा, लेकिन सार्वजनिक नहीं करूंगा : #डॉ_गोविंद_सिंह, नेता प्रतिपक्ष@GovindSinghDr pic.twitter.com/U0uuOvI2RM
— Peoples Samachar (@psamachar1) January 4, 2023
डाॅ. गोविंद सिंह ने कहा- मैं गृह मंत्री से अनुरोध करता हूं कि सुनील सराफ पर जो केस हुआ है उसे वापस कराएं अन्यथा अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर भी केस दर्ज कराएं। बताते चलें कि कांग्रेस विधायक सुनील सराफ का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे अपने जन्मदिन पर स्टेज पर पिस्टल से फायर कर रहे थे। इस मामले को लेकर सरकार ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
भाजपा नेताओं पर भी हो कार्रवाई
डॉ. गोविंद सिंह ने कहा- अमरपाटन और बाकी जगह भी बीजेपी नेताओं ने हर्ष फायर किए। लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा- भाजपा के दबाव में गृहमंत्री जी ने हमारी पार्टी के विधायक सुनील सराफ पर प्रकरण दर्ज किया है। मैं उनसे अनुरोध करता हूं कि अभी ग्वालियर में भाजपा नेता के पुत्र ने उत्सव के समय हर्ष फायर किए गए। मीडिया में समाचार आए। इसके साथ ही साथ प्रहलाद पटेल के भाई जालम सिंह पटेल के पुत्र द्वारा भी अपने जन्मदिन और नव वर्ष पर खुलेआम हर्ष फायर किए। उनके विरुद्ध कार्रवाई न करना न्यायोचित नहीं है।
साफ-सुथरी राजनीति करते हैं तो हिम्मत दिखाएं
नेता प्रतिपक्ष ने कहा- मैं गृहमंत्री जी से अनुरोध करता हूं कि यहां भी हिम्मत दिखाएं। अगर आप साफ सुथरी राजनीति करते हैं तो उनके (BJP नेताओं) खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराएं। सरकार का काम एक पक्षीय कार्रवाई करना नहीं, न्याय देना है।
वीडी घर आएं, फूल-मालाओं से स्वागत करूंगा
वीडी शर्मा ने कल मेरे बारे में कहा कि अगर गोविंद सिंह जी की औकात है तो सीडी सार्वजनिक कर दें। मेरी कोई हैसियत, औकात नहीं है। मैं साधारण कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता हूं। राजनीति में रहने के बाद भी मैं झूठ बोलने का आदी नहीं हूं। जब मेरे ऊपर टिप्पणी की गई तब मैंने इस तरह की बात की। आदरणीय वीडी शर्मा जी मेरे निवास पर आएं तो उनका फूल-मालाओं से स्वागत करूंगा। और उन्हें यहां सीडी दिखा दूंगा, लेकिन सार्वजनिक रूप से सीडी का प्रकाशन नहीं करूंगा। मैं वीडी शर्मा जी को निमंत्रण देता हूं।
औकात वाले बयान पर
गोविंद सिंह ने कहा- उन्होंने (वीडी शर्मा) नियम कानून की धज्जियां उड़ाते हुए अपने ससुर को वाइस चांसलर नियुक्त करा दिया। यह उनकी हैसियत और औकात में आता है। अपनी पत्नी को सत्ता का दुरुपयोग करते हुए जबलपुर के किसी विश्वविद्यालय से भोपाल के विश्वविद्यालय में डेपुटेशन में बिठाना उनकी औकात है।
MP Weather Update : ठंड से कांपा ग्वालियर-चंबल, इन जिलों में 7 जनवरी तक स्कूलों की छुट्टी घोषित