ताजा खबरराष्ट्रीय

UP POLITICS : हो गई सपा और कांग्रेस में सुलह, 80 में से 17 सीटों पर लड़ेगी कांग्रेस, 63 सीटों पर लड़ेंगे सपा और सहयोगी दल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव से पहले सियासत के नित नए रंग देखने को मिल रहे हैं। पहले जहां सपा और कांग्रेस इंडिया गठबंधन के बजाय सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी करने लगे थे, वहीं अब खेल पलट गया है। बीजेपी और सहयोगी दलों को हराने के मकसद से दोनों दलों ने सीटों को लेकर समझौता कर लिया है। 2024 के में होने वाले लोकसभा चुनाव में यूपी की 80 लोकसभा सीटों में से कांग्रेस अब सिर्फ 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। शेष 63 सीटों पर सपा और उसके सहयोगी दल अपना उम्मीदवार उतारेंगे। लखनऊ में आज शाम इस संबंध में दोनों दलों के नेताओं ने औपचारिक जानकारी दी गई।

प्रियंका और अखिलेश की चर्चा के बाद लगी मुहर

यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन में अहम भूमिका प्रियंका गांधी की रही। उनका यूपी पर खास फोकस है, लिहाजा उन्होंने अखिलेश यादव से चर्चा की। सूत्र बताते हैं कि इसके बाद ही दोनों दलों के बीच मामला तय हो पाया। लखनऊ के एक निजी होटल में सपा-कांग्रेस की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के यूपी प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि अब ये तय हुआ है कि गठबंधन के अनुसार कांग्रेस यूपी की 17 सीट पर चुनाव लड़ेगी। इसके बाद शेष बची हुई 63 सीटों पर सपा या अन्य दलों के उम्मीदवार होंगे। इन सभी सीटों कांग्रेस का समर्थन सपा और गठबंधन दल के प्रत्याशिय़ों को मिलेगा। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल और राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी भी मौजूद थे।

रायबरेली अमेठी कांग्रेस के खाते में

इससे पहले सपा ने अपनी चुनावी तैयारी तेज करते हुए ये साफ कर दिया था कि वह ज्यादा समय तक अपने सहयोगियों का इंतजार नहीं करेगी। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कई बार कांग्रेस पर तंज कसते हुए ये तक कह दिया था कि वे यूपी में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव की रेस में फिलहाल अखिलेश सबसे आगे हैं और वे 31 सीटों पर सपा के उम्मीदवार घोषित भी कर चुके हैं। इधर, कांग्रेस अब अपनी चुनावी तैयारी करेगी। कांग्रेस की पहचान रही रायबरेली और अमेठी सीट इस सीट शेयरिंग फॉर्मूले के तहत अब कांग्रेस के खाते में आई है। पार्टी का दावा है कि वे जल्द ही उम्मीदवारों की सूची जारी करेंगे। रायबरेली सीट से इस बार प्रियंका गांधी मैदान में उतर सकती हैं, जबकि अमेठी से राहुल गांधी फिर चुनाव लड़ सकते हैं।

गठबंधन के बाद इन सीटों पर लड़ेगी कांग्रेस

रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, फतेहपुर सीकरी, बांसगांव, प्रयागराज, वाराणसी, झांसी, अमरोहा, बुलंदशहर, मथुरा, गाजियाबाद, सीतापुर, बाराबंकी,
देवरिया, सहारनपुर और देवरिया

https://x.com/psamachar1/status/1760306126418030882?s=2

ये भी पढ़ें-सोनिया, नड्डा बने राज्यसभा सांसद, चार राज्यों में हुआ निर्विरोध निर्वाचन, दोपहर बाद हुई औपचारिक घोषणा

संबंधित खबरें...

Back to top button