इंदौरताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

कांग्रेस की चुनावी तैयारी, भोपाल, इंदौर और खंडवा में हो गई नए अध्यक्षों की ताजपोशी, होल्ड पर रखे नामों को बदला

भोपाल। राजधानी समेत इंदौर और खंडवा में आखिरकार नए कांग्रेस जिला अध्यक्षो की नियुक्ति हो ही गई। गुरूवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी लिस्ट के मुताबिक भोपाल शहर अध्यक्ष के पद पर मोनू सक्सेना की नियुक्ति हुई है। एनएसयूआई और युवा कांग्रेस से अपने राजनीतिक पारी की शुरूआत करने वाले मोनू पार्षद रहे हैं और फिलहाल उनकी धर्मपत्नी पार्षद है। इधर, इंदौर शहर में सुरजीत चड्ढा को नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसी के साथ खंडवा शहर में मनीष मिश्रा और खंडवा ग्रामीण अध्यक्ष के पद पर अजय ओझा की ताजपोशी हुई है।

नाम तय करने में लग गए 5 महीने

7 फरवरी को कांग्रेस द्वारा जारी की गई अध्यक्षों की सूची को लेकर विवाद हो गया था। खंडवा और इंदौर में नियुक्त अध्यक्षों के नाम पर विवाद गहराने के बाद इन दोनों शहरों के अध्यक्षों को होल्ड पर रख दिया गया था। इंदौर में जब जीतू पटवारी के करीबी अरविंद बागड़ी को शहर अध्यक्ष की कमान दी गई, उसके बाद इंदौर शहर में विवादों का दौर शुरू हो गया। कांग्रेस के कई नेताओं ने इस पर आपत्ति उठाई थी। इंदौर में पूर्व में अध्यक्ष रहे विनय बाकलीवाल इस पद बने रहना चाह रहे थे। इसके साथ ही खंडवा शहर में मोहन दाकसे और खंडवा ग्रामीण में मनोज भारतकर को अध्यक्ष नियुक्त किय़ा गया था। इन दोनों के नामों पर पूर्व पीसीसी चीफ और केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने आपत्ति उठाते हुए कहा था कि अध्यक्ष बनाने से पहले सीनियर नेताओं से राय नहीं ली गई। भोपाल में भी फरवरी से ही शहर कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश मिश्रा को बदलने की अटकलें लग रही थीं। आखिरकार पांच महीने बाद नई सूची जारी कर फिलहाल सभी कयासों को कांग्रेस ने विराम देने की कोशिश की है।

होल्ड पर रखे गए सभी नाम बदले

इंदौर में अरविंद बागड़ी के नाम पर विवाद था, लिहाजा अब उनकी जगह सुरजीत चड्ढा शहर कांग्रेस की कमान संभालेंगे। इधर, खंडवा ग्रामीण में मनोज भारतकर के बजाय अजय ओझा और खंडवा शहर में मोहन दाकसे के बजाय मनीष मिश्रा को प्रेसिडेंट बनाया गया है। भोपाल मं भी कैलाश मिश्रा का टर्म बढ़ाने के बजाय यहां मोनू सक्सेना को नया अध्यक्ष घोषित कर दिया गया है। मोनू और सुरजीत जहां दिग्विजय सिंह के करीबी माने जाते हैं, वहीं अजय ओझा और मनीष मिश्रा कमलनाथ के नजदीकी माने जाते हैं।  इधर कांग्रेस ने डैमेज कंट्रोल के लिए अध्यक्ष पद से हटाए गए  कैलाश मिश्रा, अरविंद बागड़ी, मनोज भरतकर समेत विशाल अग्निहोत्री को प्रदेश महासचिव नियुक्त किया हैा

 

ये भी पढ़ें – एक्शन में कलेक्टर, अचानक पहुंचे जिला अस्पताल, ड्यूटी से नदारद 18 डॉक्टरों का काटा 1 दिन का वेतन, 1 सस्पेंड और 1 को टर्मिनेट करने के निर्देश

 

संबंधित खबरें...

Back to top button