इंदौरमध्य प्रदेश

MP में भारत जोड़ो यात्रा पहुंचते ही बदले कांग्रेस के सुर, जयराम रमेश बोले- सावारकर से जुड़ा अध्याय समाप्त हो चुका है

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार सुबह मध्यप्रदेश में एंट्री कर चुकी है। हिंदुत्व विचारक वीडी सावरकर पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर मचे बवाल के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि सावारकर से जुड़ा अध्याय समाप्त हो चुका है। हालांकि, मैं दोहराना चाहूंगा कि जिस दिन भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लोग हमारे नेताओं के बारे में झूठ बोलना बंद कर देंगे, हम उसी दिन उनके नेताओं के बारे में सच बोलना बंद कर देंगे।

रमेश, गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के मध्यप्रदेश में दाखिल होने के बाद बुरहानपुर में इसके विश्राम के दौरान संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। बता दें कि रमेश, कांग्रेस के संचार, प्रचार और मीडिया विभाग के प्रभारी महासचिव हैं।

दिग्विजय सिंह सबसे युवा भारत यात्री : जयराम रमेश

भारत जोड़ो यात्रा के मीडिया प्रभारी जयराम रमेश ने बताया कि यात्रा अब तक 32 जिलों से गुजर चुकी है। देश का ध्यान सिर्फ राहुल गांधी पर है। 120 यात्री और राहुल गांधी के साथ चल रहे हैं। सबसे युवा और सबसे सक्रिय भारत यात्री दिग्विजय सिंह हैं। राहुल के अलावा अगर कोई यात्री चलता है तो वो हैं दिग्विजय सिंह।

28 नवंबर को राहुल गांधी करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

राहुल गांधी का 28 नवंबर को 40 मिनट के लिए इंदौर में प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। हालांकि, जगह अभी निश्चित नहीं है। बता दें कि 77 दिन में यह 7वां प्रेस कॉन्फ्रेंस होगा। उज्जैन में 29 नवंबर को पब्लिक रैली होगी। 30 नवंबर को विश्राम का दिन है।

डर से मुक्ति हमारा लक्ष्य

कांग्रेस सांसद ने बुरहानपुर में यात्रा के दौरान आयोजित सभा में भाजपा पर कई निशाने साधे। राहुल ने कहा कि आज की सरकार के अंतर्गत देश में डर का माहौल है और लोगों में नफरत फैलाई जा रही है। कांग्रेस की यह यात्रा देश में इस हिंसा और नफरत के माहौल को खत्म करने के लिए चलाई जा रही है।

ये भी पढ़ें- MP पहुंची भारत जोड़ो यात्रा: बुरहानपुर में राहुल गांधी ने भाजपा पर साधा निशाना, बोले- डर से मुक्ति हमारा लक्ष्य

बेरोजगारी का डर फैलाया जा रहा

राहुल गांधी ने आगे कहा कि, मनरेगा के तहत मजदूरों को काम न देकर और किसानों को उनकी उपज का सही दाम नहीं देकर युवाओं में बेरोजगारी का भय फैलाया जा रहा है। उन्होंने 5 साल के बच्चे को स्टेज से बुलाकर पूछा कि क्या बनना चाहते हो तो वह बोला कि बड़ा होकर डाक्टर बनूंगा। राहुल गांधी ने कहा कि बच्चा जानता है कि उसे क्या बनना है, लेकिन देश की मौजूदा स्थिति ऐसी है कि वह कड़ी मेहनत के बाद भी डाक्टर नहीं बन सकेगा।

प्रियंका गांधी भी यात्रा में होंगी शामिल

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए बुरहानपुर पहुंचेंगी। वे 24-25 नवंबर को यात्रा में राहुल गांधी के साथ नजर आ सकती हैं। राहुल कल आदिवासी जन नायक टंट्या मामा भील की जन्मस्थली बड़ौदा अहीर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे और आदिवासियों को संबोधित भी करेंगे।

12 दिन में 6 जिलों से होकर गुजरेगी यात्रा

12 दिन में यात्रा मध्य प्रदेश के 6 जिले बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर-मालवा में घूमेगी। मप्र में राहुल 399 किलोमीटर पैदल चलेंगे। यात्रा 4 दिसंबर को आगर होते हुए राजस्थान में एंट्री करेगी।

7 सितंबर से शुरू हुई थी भारत जोड़ो यात्रा

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा बीते 7 सितंबर से तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। कांग्रेस की 3750 किमी की यह यात्रा 12 राज्यों से गुजरेगी। यह दक्षिण में कन्याकुमारी से उत्तर में कश्मीर तक 3,750 किमी का सफर पूरा करेगी। इस यात्रा में राहुल गांधी बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते रहे हैं।

मध्यप्रदेश की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button