इंदौरमध्य प्रदेश

हिंदू धर्म का हिंदुत्व से कोई लेना देना नहीं… दिग्विजय के पुराने वीडियो पर नया विवाद, कांग्रेस ने भाजपा प्रवक्ता के खिलाफ दिया आवेदन

इंदौर। सोशल मीडिया पर वायरल एक पुराने वीडियो पर शुक्रवार को मध्यप्रदेश की राजनीति के अखाड़े में नया विवाद खड़ा हो गया। कांग्रेस का आरोप है कि पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का यह विवादित बयान वाला वीडियो भाजपा प्रवक्ता डॉ. हितेष बाजपेयी और एक न्यूज पोर्टल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने गलत और झूठे तथ्य प्रसारित करने वाले बाजपेयी और पोर्टल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। हालांकि, यह वीडियो 2021 का है। हितेश बाजपेयी ने इसे एक फरवरी 2023 को अपने हैंडल पर डाला है।

भाजपा प्रवक्ता पर FIR की मांग

इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस शुक्रवार सुबह से हमलावर दिखी। पार्टी ने प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर बाजपेयी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। ऐसी ही एक शिकायत लेकर इंदौर के कांग्रेस नेता तुकोगंज थाने पहुंचे। उन्होंने डॉ. हितेष बाजपेयी और न्यूज पोर्टल के खिलाफ नामजद आवेदन दिया है। हालांकि, न्यूज पोर्टल ने गलत वीडियो पोस्ट करने पर माफी मांग ली। कांग्रेसी नेताओं द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि दिग्विजय सिंह का वीडियो एडिट कर सोशल मीडिया पर डाला गया। यह पूरी तरह से दिग्विजय सिंह की छवि धूमिल करने का प्रयास है। यह वीडियो दिसंबर 2021 का भोपाल स्थित नर्मदा भवन का है। इसमें दिग्विजय कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

एडिट कर चलाया गया वीडियो

तुकोगंज थाने पहुंचे कांग्रेस नेता दीपक पिंटू जोशी व अन्य ने बताया कि जो वीडियो सोशल मीडिया में दिग्विजय सिंह की छवि को धूमिल करने के लिए डाला गया है वह वैसा बिल्कुल भी नहीं है। उसे एडिट करके चलाया जा रहा है। कांग्रेस ने इस वीडियो से जुड़े फेक्ट्स भी थाने में पेश किए। उनका कहना है कि दिग्विजय सिंह ने एक कार्यक्रम में सावरकर की किताब का उल्लेख करते हुए भाजपा पर गाय को लेकर हमला किया था। लेकिन, भाजपा नेताओं ने यह वीडियो को एडिट कर सावरकर द्वारा लिखी गई बातों को दिग्विजय सिंह द्वारा कही गई बातें बता दिया। तुकोगंज थाना प्रभारी ने कहा- हम मामले की जांच कर रहे हैं। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।

जानें,असली और फेक वीडियो में क्या अंतर

फेक वीडियो : दिग्विजय कह रहे हैं- हिंदू धर्म का हिंदुत्व से कोई नाता नहीं है। गाय ऐसा पशु है जो खुद के मल में लोट लेती है। वो कहां से हमारी माता हो सकती है। उसका गोमांस खाने में कोई खराबी नहीं है।

असली वीडियो : दिग्विजय कह रहे हैं- हिंदू धर्म का हिंदुत्व से कोई नाता नहीं है। ये भी लिखा है कि गाय ऐसा पशु है जो खुद के मल में लोट लेती है। वो कहां से हमारी माता हो सकती है। उसका गोमांस खाने में कोई खराबी नहीं है। ये मालूम है कि नहीं।

यह भी पढ़ें इंदौर : खजूरी बाजार में कॉपीराइट का मामला, महंगी किताबें अवैध तरीके से बेची जा रही; पुलिस कमिश्नर ने दिए कार्रवाई के आदेश

 

संबंधित खबरें...

Back to top button