ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

एक मंच पर दिखे बीजेपी-कांग्रेस के दिग्गज : CM शिवराज ने किया अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण; दिग्विजय बोले- वे जिस पद पर रहे उसे बखूबी निभाया

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री स्व. अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर बीजेपी-कांग्रेस के दिग्गज एक मंच पर नजर आए। अनावरण कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन तथा दीप प्रज्वलन के साथ किया। इस दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मंच पर कन्या पूजन कर माला पहनाई और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कन्या पूजन कर दक्षिणा देकर सभी कन्याओं के चरण स्पर्श किए।

बेटी ने की फोटो गैलरी बनाने की मांग

अर्जुन सिंह की मूर्ति का अनावरण करने पर उनकी बेटी वीणा सिंह ने सीएम शिवराज को धन्यवाद दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि भारत भवन की उपलब्धि अर्जुन सिंह के नाम दर्ज कर भारत भवन में एक कॉरिडोर गैलरी अर्जुन के नाम पर बनाई जाए।

कन्या पूजन करते हुए सीएम शिवराज और दिग्विजय सिंह।

विधायक त्रिपाठी ने किया था अनावरण का ऐलान

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के सीनियर लीडर रहे अर्जुन सिंह की प्रतिमा भोपाल के व्यापमं चौराहे पर दो सालों से अनावरण का इंतजार कर रही थी। पूर्व सीएम की प्रतिमा को लेकर बीजेपी के विधायक नारायण त्रिपाठी ने सरकार को अल्टीमेटम दे दिया था। त्रिपाठी ने 4 मार्च को इस प्रतिमा के अनावरण का ऐलान किया था। तब सरकार की ओर से 7 मार्च की तारीख तय कर दी गई। तीन साल की जद्दोजहद के बाद आज सीएम शिवराज सिंह चौहान खुद अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे। इस अवसर पर दिग्विजय सिंह भी मौजूद रहे।

स्व. अर्जुन सिंह अपने व्यक्तित्व के कारण नेता बने थे : सीएम

सीएम शिवराज ने कहा, सबसे पहले मैं स्व. अर्जुन सिंह जी के चरणों में श्रद्धा के सुमन अर्पित करता हूं। स्वर्गीय अर्जुन सिंह जी ने मुख्यमंत्री और विभिन्न पदों पर रहते हुए, उन्होंने जो कार्य किए, उसके लिए उन्हें मध्यप्रदेश याद करेगा। उन्होंने गरीबों और वंचितों के कल्याण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए थे। स्व. अर्जुन सिंह जी किसी दल या संस्था के कारण नेता नहीं थे, वह अपने व्यक्तित्व के कारण नेता बने थे। वह जिस दल में रहे, उसे अपनी मेहनत, परिश्रम से प्रासंगिक बना दिया।

स्व. अर्जुन सिंह जी मुख्यमंत्री थे और उस समय मैं युवा मोर्चा का कार्यकर्ता था। मैं सरकार की गलत नीतियों का मुखर होकर विरोध करता था। कई बार बातचीत के लिए हम लोगों को बुलाया जाता था। वे विपरीत विचारों को भी सहजता से सुनते थे। स्व. अर्जुन सिंह जी कुशल संगठक और प्रशासक थे। लोग उन्हें राजनीति के चाणक्य के रूप में भी जानते थे। उनके अनेकों फैसले ऐसे रहे जिन्होंने लोगों की जिंदगी बदली। मुख्यमंत्री के रूप में उनके अनेकों काम आज भी मध्य प्रदेश याद करता है।

पिछड़ा वर्ग को आरक्षण अर्जुन सिंह ने ही दिलाया : दिग्विजय

इस मौके पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा, मैं आज जो भी हूं अर्जुन सिंह की देन है। हमेशा उन्होंने मुझे आगे बढ़ाया। अर्जुन सिंह जो बोलते थे, वो करते थे। वो जिस पद पर रहे उसे उन्होंने बखूबी निभाया। अर्जुन सिंह ने हमेशा गरीबों के लिए काम किया। पिछड़ा वर्ग को आरक्षण अर्जुन सिंह ने ही दिलाया।

ये भी पढ़ें: CM शिवराज 7 मार्च को करेंगे पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण; विधायक नारायण त्रिपाठी बोले- अर्जुन सिंह हमारे विंध्य की शान है

मध्य प्रदेश की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button