जबलपुरमध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश में सामान्य वर्ग आयोग बनेगा, रोजगार की समस्याएं दूर करेगा: शिवराज ने सतना में घोषणा की

प्रदेश में SC और ST आयोग की तर्ज पर बनेगा नया आयोग, जल्द बनाई जाएगी रूपरेखा

सतना। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को रैगांव इलाके के शिवराजपुर पहुंचे। यहां उन्होंने बड़ी घोषणा की। सीएम ने कहा कि हमने तय किया है समाज के हर वर्ग का कल्याण होना चाहिए। प्रदेश में SC और ST आयोग की तर्ज पर सामान्य वर्ग आयोग बनाया जाएगा। उनकी रोजगार समेत जो अन्य समस्याएं हैं उन्हें दूर किया जाएगा। उन्होंने ये भी कहा कि गरीबी रेखा का राशन हर वर्ग के आदमी को मिलेगा, चाहे वो सामान्य हो या अन्य। उन्होंने यहां हाट बाजार बनाए जाने की भी घोषणा की। सीएम ने यहां जनदर्शन यात्रा के दौरान नागरिकों से संवाद भी किया और उनकी समस्याएं सुनी। मध्य प्रदेश में रैगांव, पृथ्वीपुर और जोबट सीट पर उपचुनाव है।

मुख्यमंत्री का कहना था कि शिवराजपुर में भगवान शिव का भक्त शिवराज आया है। रैगांव में विकास की गंगा बहाएंगे। रैगांव विधानसभा में 300 करोड़ का गेहूं और 150 करोड़ की धान खरीदी गई है। विधायक स्व. जुगलकिशोर के सपनों को शिवराज पूरा करेगा। जिले में 7 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। इलाज और अच्छे अस्पताल की जरूरत कोरोनाकाल के समय समझ आई। उन्होंने ऐलान किया कि प्रदेश में हर महीने की 7 तारीख को राशन बांटा जाएगा। अगर उस दिन पूरा न हो पाए तो दूसरे दिन बंटवाएंगे।

कमलनाथ की तरफ पैसों के लिए नहीं रोते: शिवराज

शिवराज ने कमलनाथ पर तंज कसा और कहा- हम कमलनाथ की तरह पैसों के लिए रोते नहीं हैं। दो बार कोरोना के कारण प्रदेश में कर आना बंद हुआ। सबकुछ बंद रहा, जिससे खजाने की हालत खराब हुई, लेकिन हमने कर्जा लेकर जनता की सेवा की। जनता की सेवा में कोई कमी नही आने देंगे।

मुख्यमंत्री ने ये भी कहा….

  • अभी कोरोना कंट्रोल है, लेकिन निश्चिंत मत हो जाना। सावधानी रखना, मास्क लगाना मत भूलना और टीका लगावाना नहीं भूलना है। 17 तारीख को आमा में वैक्सीनेशन का सेंटर खोला जाएगा, जिन्होंने अब तक टीका नहीं लगवाया वे टीका लगवा लें।
  • आपसे आग्रह है कि वैक्सीन की पहली डोज 30 सितंबर तक लगवाएं और इसके बाद दूसरी डोज भी लगवा लें। जीवन की सुरक्षा के लिए दोनों डोज आवश्यक है।
  • ग्राम देवरी निवासी 17 साल के दिव्यांग रोहित कुशवाहा का इलाज के लिए सरकारी मदद करने के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए। आमा इस क्षेत्र का प्रमुख गांव है। आमा से दुर्गापुर रोड 14 किलोमीटर से ज्यादा का है, ये मैं आज ही तय कर रहा हूं- यह 9 करोड़ 78 लाख रुपए की राशि से बनाया जाएगा।
  • शिवराजपुर में बिजली का सब-स्टेशन बनाया जाएगा, जिससे बिजली की निर्बाध आपूर्ति हो। हम यहां मुख्यमंत्री हाट-बाजार बनाएंगे। वर्ष 2023 तक किसी भी हालत में शिवराजपुर में बरगी बांध का पानी लेकर आएंगे।
  • स्वसहायता समूह बनाकर बहनों को उससे जोड़ा जाएगा, ताकि घर के काम-काज के बाद जो आपका समय बचे, उसमें कार्य कर आप आर्थिक रूप से सशक्त हो सकें।
  • इससे पहले शिवराजपुर में शिव मंदिर में भगवान शंकर की पूजा-अर्चना कर लोक मंगल के लिए प्रार्थना की। जनदर्शन यात्रा शिवराजपुर से सिंहपुर करीब 23 किमी की है। जो करीब 10 गांव को कवर करेगी। सिंहपुर में 250 करोड़ के निर्माण एवं विकास कार्यों का शिलान्यास और भूमिपूजन होगा।
बागरी के निधन से सीट रिक्त हुई

सीएम का यह दौरा रैगांव विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर अहम माना जा रहा है। कोरोनाकाल में भाजपा विधायक जुगल किशोर बागरी का निधन हो गया था, इसके बाद से यह सीट रिक्त हुई है।

संबंधित खबरें...

Back to top button